
कौन हैं BMW ग्रुप इंडिया के नए अध्यक्ष हरदीप सिंह बरार?
क्या है खबर?
BMW ग्रुप इंडिया ने हरदीप सिंह बरार को नया अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। वे 1 सितंबर से पदभार संभालेंगे। बरार इस पद पर विक्रम पावाह का स्थान लेंगे, जो अब ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के CEO का पदभार संभालेंगे। उनके पास भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग में 3 दशक से अधिक का अनुभव है और उन्होंने कई वरिष्ठ प्रबंधन पदों पर कार्य किया है। आइये जानते हैं BMW के नए अध्यक्ष हरदीप सिंह बरार कौन हैं।
सफलता
किआ को भारतीय बाजार में किया सफल
बरार ने पंजाब के थापर इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की थी। वे हार्वर्ड बिजनेस स्कूल के सीनियर एग्जीक्यूटिव लीडरशिप प्रोग्राम के पूर्व छात्र रहे हैं। उन्होंने मार्च, 2021 में कोविड-19 महामारी के बीच किआ मोटर्स में बिक्री और विपणन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष के तौर पर काम संभाला। उनके अगुवाई में कंपनी ने 10 लाख की कुल बिक्री का मील का पत्थर हासिल किया, जिससे कंपनी शीर्ष-5 कार निर्माताओं में शामिल हो गई।
अनुभव
इन कंपनियों में भी कर चुके हैं काम
दक्षिण कोरियाई कार निर्माता को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने वाले बरार ने पिछले महीने अपने पद से इस्तीफा देते हुए 30 जून को किया में काम बंद कर दिया। इससे पहले भी बरार कई ऑटोमोबाइल कंपनियों में विभिन्न भूमिकाओं में रहते हुए बेहतर परिणाम दे चुके हैं। किआ से पहले मारुति सुजुकी, फॉक्सवैगन, जनरल मोटर्स, निसान मोटर और ग्रेट वॉल मोटर समेत कई कंपनियों में बिक्री, विपणन, ग्राहक अनुभव, नेटवर्क विकास के क्षेत्र में काम किया था।