Page Loader
मारुति ग्रैंड विटारा से निसान X-ट्रेल तक, देश में जल्द लॉन्च होंगी ये 7-सीटर गाड़ियां 

मारुति ग्रैंड विटारा से निसान X-ट्रेल तक, देश में जल्द लॉन्च होंगी ये 7-सीटर गाड़ियां 

लेखन अविनाश
Jan 18, 2024
07:41 am

क्या है खबर?

देश में 7-सीटर SUVs और MPVs का बाजार काफी तेजी से बढ़ रहा है। इस बात का ध्यान रखते हुए कार निर्माता कंपनियां इस साल कई नई गाड़ियां लॉन्च करने के लिए कमर कस रही हैं। बता दें कि जल्द ही देश में अलग-अलग सेगमेंट और प्राइस रेंज में कई नए मॉडल लॉन्च होंगे। अगर आप कोई नई 7-सीटर खरीदने की योजना बना रहे हैं तो हम आपके लिए आगामी SUV और MPVs की लिस्ट लेकर आए हैं।

#1

मारुति की किफायती MPV: कीमत 8 लाख रुपये  

मारुति सुजुकी भारतीय बाजार में एक नया मल्टी-पर्पज वाहन (MPV) वाहन लाने की तैयारी कर रही है। इसे 2026 तक लॉन्च किया जा सकता है और यह सुजुकी स्पेसिया पर आधारित होगा। इस 3-पंक्ति वाली कॉम्पैक्ट MPV का कोडनेम YDB रखा गया है। जापान में बिक्री पर मौजूद मॉडल की तुलना में भारतीय-स्पेक का लुक अलग होगा और लंबाई मौजूदा 3,395mm से अधिक रहेगी। YDB को 1.2-लीटर, Z सीरीज पेट्रोल इंजन के साथ उतारा जा सकता है।

#2

रेनो ट्राइबर पर आधारित नई MPV

अगले साल भारतीय बाजार में निसान एक नई 7-सीटर SUV लॉन्च कर सकती है। यह रेनो ट्राइबर MPV पर आधारित होगी। इस कार की लंबाई लगभग 4.60 मीटर होगी। इस SUV में हाइब्रिड इंजन मिलेगा। साथ ही इसमें हाइब्रिड सिस्टम और एक प्लग-इन हाइब्रिड (ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम के साथ) का विकल्प भी मिल सकता है। हालांकि, कार की कोई भी आधिकारिक जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। इसकी कीमत करीब 8 लाख रुपये के आस-पास होगी।

#3

मारुति ग्रैंड विटारा 7-सीटर: अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये 

मारुति सुजुकी एक प्रीमियम 7-सीटर SUV पर काम कर रही है। यह मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा का 7-सीटर वर्जन हो सकती है। कंपनी इस गाड़ी को टाटा सफारी के मुकाबले के लिए उतारेगी। इसमें माइल्ड-हाइब्रिड सेटअप वाला 1.5-लीटर का नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन का भी विकल्प मिल सकता है। यह इंजन 115bhp पावर और 250Nm का पीक टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है। सुरक्षा का ध्यान रखते हुए इसमें ADAS तकनीक की भी पेशकश की जा सकती है।

#4

निसान X-ट्रेल: कीमत करीब 25 लाख रुपये से शुरू 

जापानी कार निर्माता निसान अपनी नई निसान X-ट्रेल को भारतीय बाजार में उतारने के लिए तैयार है। कंपनी इसे जून में लॉन्च कर सकती है। इसे कंपनी के CMF-C प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है। X-ट्रेल देश में कंपनी की पहली e-पावर हाइब्रिड तकनीक से लैस कार होगी। इसमें 1.5L टर्बो पेट्रोल इंजन 2WD सेटअप में 204ps का पावर और 300Nm का टॉर्क और 4WD सेटअप में 213ps का पावर और 525Nm का टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है।

#5

बोलेरो नियो प्लस SUV: कीमत करीब 11 लाख रुपये 

महिंद्रा एंड महिंद्रा अपनी बोलेरो नियो प्लस SUV को अप्रैल तक भारतीय बाजार में लॉन्च करेगी। यह 7-सीटर और 9-सीटर विकल्प में उपलब्ध कराई जा सकती है। आगामी महिंद्रा बोलेरो मॉडल को स्कॉर्पियो क्लासिक के नीचे रखा जाएगा। इसमें 2.2-लीटर डीजल इंजन दिया जा सकता है। इसका पावरट्रेन करीब 120hp की पावर देने में सक्षम होगा, जो 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स से जुड़ा होगा। इसकी लंबाई 4,400mm, चौड़ाई 1,795mm, ऊंचाई 1,812mm और व्हीलबेस 2,680mm होगा।