Page Loader
बीते महीने कैसी रही कमर्शियल वाहनों की बिक्री? देखें टाटा समेत इन कंपनियों की सेल्स रिपोर्ट्स

बीते महीने कैसी रही कमर्शियल वाहनों की बिक्री? देखें टाटा समेत इन कंपनियों की सेल्स रिपोर्ट्स

May 05, 2021
10:30 pm

क्या है खबर?

वाहन निर्माताओं ने अप्रैल में हुई अपनी बिक्री के आंकड़ें जारी कर दिए हैं। जहां एक तरफ कोरोना वायरस महामारी के कारण अप्रैल में ऑटो कंपनियों की बिक्री में गिरावट आई है। वहीं, दूसरी तरफ कमर्शियल वाहन भी इस महामारी के प्रकोप से बच नहीं पाए हैं। इनकी बिक्री में भी कंपनियों ने भारी गिरावट दर्ज की है। टाटा से लेकर बजाज तक कई कंपनियों ने मार्च की अपेक्षा कम कमर्शियल वाहनों की बिक्री की है।

टाटा मोटर्स

टाटा मोटर्स की बिक्री में आई कितनी गिरावट?

अगर हम देश की सबसे बड़ी कमर्शियल वाहन निर्माता टाटा मोटर्स की बात करें तो इसने भी मार्च की अपेक्षा अप्रैल में कम वाहनों की बिक्री की है। इसने बीते महीने कुल 14,435 कमर्शियल वाहनों की बिक्री की है। वहीं, मार्च में कंपनी ने कुल 36,955 यूनिट्स बेची थी। इन आंकड़ों के अनुसार अप्रैल में मार्च की अपेक्षा बिक्री में 60.94 प्रतिशत की गिरावट आई है। हालांकि, इसके बावजूद उसने महिंद्रा और अशोक लेलैंड से अधिक कमर्शियल वाहन बेचे हैं।

जानकारी

निर्यात में भी आई गिरावट

टाटा ने मार्च की अपेक्षा अप्रैल में 40 प्रतिशत कम कमर्शियल वाहनों का निर्यात किया है। पिछले महीने कंपनी ने 2,209 और मार्च में कुल 3,654 यूनिट्स का निर्यात किया था।

महिंद्रा

महिंद्रा ने इतने प्रतिशत कम बेचे कमर्शियल वाहन

टाटा के बाद महिंद्रा एंड महिंद्रा ने भी अपनी बिक्री में गिरावट दर्ज किया है, लेकिन वह बीते महीने सबसे ज्यादा कमर्शियल वाहनों की बिक्री करने वाली दूसरी कंपनी है। इसने अप्रैल में कुल 14,104 कमर्शियल वाहन बेचे हैं। मार्च में इसने 17,116 यूनिट्स की बिक्री की थी। इन आकंड़ों के अनुसार मार्च की अपेक्षा अप्रैल में महिंद्रा की कमर्शियल वाहनों की बिक्री में 17.60 प्रतिशत की गिरावट आई है।

अशोक लेलैंड

अशोक लेलैंड की बिक्री में आई लगभग 50 प्रतिशत की गिरावट

अशोक लेलैंड पिछले महीने सबसे ज्यादा कमर्शियल वाहनों की बिक्री करने वाली तीसरी कंपनी है। पिछले महीने कंपनी ने घरेलू बाजार में 7,961 यूनिट्स की बिक्री की है। यह मार्च में हुई बिक्री से 49.49 प्रतिशत कम है। कंपनी ने मार्च में कुल 15,761 यूनिट्स की बिक्री की थी। इसने निर्यात में भी 72.2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की है। जहां अप्रैल में कंपनी ने 379 यूनिट्स का निर्यात किया। वहीं, मार्च में कुल 1,470 यूनिट्स का निर्यात हुआ था।

बजाज ऑटो

बजाज ऑटो ने बेचे इतने कमर्शियल वाहन

बजाज ऑटो ने भी अप्रैल में कम कमर्शियल वाहन बेचे हैं। पिछले महीने कंपनी ने कुल 39,843 कमर्शियल वाहन बेचे हैं, जिसमें 7,901 घरेलू बाजार में बिके और 31,942 यूनिट्स का निर्यात हुआ है। वहीं, पिछले साल इसी महीने में कंपनी ने कुल 5,869 कमर्शियल वाहनों का निर्यात किया था। हालांकि, घरेलू बाजार में एक भी यूनिट की बिक्री नहीं हुई थी। इसके अलावा मार्च में कंपनी ने घरेलू बाजार और निर्यात मिलाकर 39,315 कमर्शियल वाहनों की बिक्री की थी।