एक महीने में तीसरी बार वापस बुलाई जा रहीं महिंद्रा XUV700, फिर आई नई खराबी
क्या है खबर?
देश की वाहन बनाने वाली दिग्गज कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा एक बार फिर अपनी XUV700 को वापस बुला रही है। एक महीने में वाहन के लिए यह तीसरा रिकॉल है।
कंपनी कार के अल्टरनेटर बेल्ट, ऑटो-टेंशनर पुली और इलेक्ट्रॉनिक स्टीयरिंग कॉलम लॉक (ESCL) का निरीक्षण करेगी और जरूरत पड़ने पर इसे मुफ्त में बदलेगी।
इससे पहले महिंद्रा ने XUV700 के ऑल व्हील ड्राइव (AWD) डीजल ऑटोमैटिक वेरिएंट के प्रोपेलर शाफ्ट बोल्ट के खराबी के कारण बुलाया था।
डिजाइन
कैसा है महिंद्रा XUV700 का डिजाइन?
महिंद्रा XUV700 के डिजाइन की बात करें तो इसमें काफी कुछ नया देखने को मिलता है, जैसे- नया ग्रिल डिजाइन, बड़े C-आकार के DRL के साथ नई हेडलाइट्स जो बंपर तक आती हैं, बड़े टेल-लाइट्स और ट्विन फाइव-स्पोक अलॉय व्हील्स। साथ ही इसमें स्मार्ट डोर हैंडल्स भी हैं।
इसके अलावा इसमें नया लोगो भी मिलता है जो विशेष रूप से कंपनी की SUV रेंज को दिया गया है।
XUV700 चार वेरिएंट्स- MX3, AX3, AX5 और AX7 में आती है।
इंजन
पेट्रोल और डीजल इंजन के विकल्प में आती है ये कार
XUV700 में डीजल और पेट्रोल इंजन विकल्प मिलते है। डीजल मॉडल में 2.0 लीटर वाला 4-सिलिंडर m-हॉक इंजन को जोड़ा गया है, जो 185hp की पावर और 420Nm का टॉर्क जनरेट करता है। वहीं, ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ यह 450Nm का टॉर्क जनरेट करता है।
दूसरा इसमें 2.0 लीटर का 4-सिलिंडर वाला टर्बो-इंजन दिया गया है, जो 200hp की पावर और 380Nm का टॉर्क जनरेट करता है। दोनों यूनिट्स को 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स भी दिया गया है।
फीचर्स
XUV700 के केबिन में मिलते हैं ये फीचर्स
महिंद्रा XUV700 के केबिन की बात करें तो डैशबोर्ड पर 10.25-इंच का डुअल स्क्रीन लेआउट नजर आता है, जिसमें पहला इंफोटेनमेंट के लिए और दूसरा इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के लिए है।
फीचर्स के रूप में डुअल-जोंन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, लेदर अपहोल्स्ट्री और एक इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक हैं। वहीं लग्जरी फीचर्स के लिए सोनी का 12 स्पीकर वाला 3D सराउंड साउंड सेटअप, स्काईरुफ और हैंड्सफ्री कमांड इंटीग्रेशन के लिए एलेक्सा वॉयस AI को शामिल किया गया है।
जानकारी
क्या है इसकी कीमत?
भारतीय बाजार में महिंद्रा XUV700 के बेस मॉडल की कीमत 13.18 लाख रुपये है जो टॉप मॉडल के लिए 24.58 लाख रुपये (सभी कीमतें एक्स-शोरूम) तक जाती है।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
अभी कुछ दिन पहले ही महिंद्रा ने जानकारी दी थी कि कंपनी को मात्र 11 महीनों में ही XUV700 के लिए 1.5 लाख यूनिट्स की बुकिंग मिल चुकी है। वहीं, वर्तमान में XUV700 पर वेटिंग पीरियड लगभग दो साल का चल रहा है।
जानकारी के लिए आपको बता दें कि वर्तमान में कंपनी की लगभग 1.47 लाख गाड़ियों की डिलीवरी रुकी हुई है और इस वजह से कंपनी के मॉडलों का वेटिंग पीरियड भी बढ़ रहा है।