Page Loader
150cc सेगमेंट में नई बाइक लाने की तैयारी में होंडा, CBR150R की हो सकती है वापसी
जल्द आ सकती होंडा की CBR150R बाइक

150cc सेगमेंट में नई बाइक लाने की तैयारी में होंडा, CBR150R की हो सकती है वापसी

Feb 23, 2022
04:30 pm

क्या है खबर?

दोपहिया वाहन निर्माता होंडा मोटर इन दिनों 150cc सेगमेंट की ओर ध्यान दे रही है। अभी हाल ही में कंपनी ने CBR150R के लिए पेटेंट रजिस्टर्ड कराया था, जिससे अनुमान लगाये जा रहे हैं कि 150cc सेगमेंट की अपकमिंग बाइक CBR150R ही होगी। बता दें कि अगर CBR150R भारत में आई तो यह इसकी दूसरी बार लॉन्चिंग होगी। इससे पहले होंडा CBR150R 2012 से 2017 तक उपलब्ध थी। बाद में कम बिक्री के कारण इसे बंद कर दिया गया था।

बयान

150cc लाइनअप पर अधिक ध्यान देने की है जरूरत- ओगाटा

ET ऑटो के साथ हाल ही में एक इंटरव्यू में होंडा मोटरसाइकिल इंडिया के अध्यक्ष अत्सुशी ओगाटा ने कहा कि वे 150cc मोटरसाइकिल सेगमेंट पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "हमें 150cc लाइनअप पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है। हम इस सेगमेंट की भी जांच कर रहे हैं और इसके बारे में आप जल्द या बाद में हमसे सुनेंगे।" संभावना है कि यहां हाल में पेटेंट कराए गए CBR150R के लॉन्चिंग की बात की जा रही है।

लुक और फीचर्स

कैसा होगा बाइक का लुक?

पिछले साल होंडा ने इंडोनेशिया में CBR150R के अपडेटेड मॉडल को लॉन्च किया था, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि भारत में लॉन्च होने वाला मॉडल समान फीचर्स के साथ आएगा। इसमें एक आक्रामक डिजाइन है, जिसमें एक ढलान वाला फ्यूल टैंक के साथ एक स्प्लिट हेडलाइट क्लस्टर, एक उठा हुआ विंडस्क्रीन और चमकदार पेंटवर्क है। बाइक में नया LCD इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, LED हेडलैंप और फ्रंट में गोल्डन कलर का फोर्क्स दिया गया है।

इंजन

149cc का होगा इंजन

होंडा CBR150R बाइक के पावरट्रेन की बात करें तो इसे 149cc का लिक्विड-कूल्ड इंजन दिया जा सकता है, जो अधिकतम 17.3hp की पावर और 14.4Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। इंडोनेशिया मॉडल की तरह इस मॉडल को भी स्लिपर क्लच के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा जा सकता है। सवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए होंडा CBR150R ABS तकनीक के साथ आगे और पीछे दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक से लैस है।

जानकारी

क्या होगी कीमत?

भारत में अगर होंडा CBR150R को फिर से लॉन्च किया गया तो इसकी कीमत लगभग 1.71 लाख रुपये के आस-पास होगी। वहीं, एंट्री-लेवल फेयर्ड बाइक सेगमेंट में यह यामाहा R15 V4 से मुकाबला करेगी। R15 V4 की शुरुआती कीमत 1.73 लाख रुपये हैं।

जानकारी

मिड सेगमेंट पर भी काम कर रही है कंपनी

होंडा देश की दूसरी सबसे बड़ी बाइक निर्माता कंपनी है और अपने मिड सेगमेंट बाइक्स को और दमदार बनाने के लिए काम कर रही है। कंपनी का लक्ष्य इस साल इस कैटेगेरी में तीन लाख बाइक्स की बिक्री करने का है और इसलिए कंपनी जल्द ही अपने पोर्टफोलियो में CB350 और CB350RS के अलावा कुछ नई बाइक्स की पेशकश कर सकती है। कंपनी अपनी नई बाइक्स को बेहतर फीचर्स और कम कीमत पर लॉन्च करेगी।