
अलविदा 2024: क्रैश टेस्ट में परखी गई इन गाड़ियों की सुरक्षा, जानिए कितनी मिली रेटिंग
क्या है खबर?
देश में गाड़ियों की सुरक्षा को लेकर खरीदारों की बढ़ती जागरूकता के चलते कार निर्माता इस पर ज्यादा ध्यान दे रही हैं।
इन गाड़ियों को सुरक्षा की कसौटी पर परखने के लिए ग्लोबल न्यू कार असेसमेंट प्रोग्राम (GNCAP) और भारत NCAP एजेंसी से क्रैश टेस्ट कराए जा रहे हैं।
इस साल ग्लोबल NCAP ने 6 कारों का परीक्षण किया, जबकि भारत NCAP ने 10 कारों की सुरक्षा का आकलन किया है।
आइये जानते हैं किन-किन गाड़ियों क्रैश टेस्ट किया गया।
डिजायर
नई मारुति डिजायर की रेटिंग में हुआ सुधार
इस साल मारुत डिजायर के नए और पुराने मॉडल का ग्लोबल NCAP की ओर से टेस्ट किया गया। नई डिजायर GNCAP में 5-स्टार रेटिंग हासिल करने वाला कंपनी का पहला मॉडल बन गया।
पिछली जनरेशन की डिजायर 2-स्टार रेटिंग हासिल करने में कामयाब रही।
दूसरी तरफ महिंद्रा बोलेरो नियो ने बहुत कमजोर प्रदर्शन करते हुए महज 1-स्टार रेटिंग हासिल की है। पुरानी जनरेशन होंडा अमेज को क्रैश टेस्ट में 0-स्टार रेटिंग मिली है।
कैरेंस
कैरेंस का 2 बार हुआ क्रैश टेस्ट
किआ कैरेंस का GNCAP के तहत 2 बार क्रैश टेस्ट से गुजरना पड़ा है। मई 2023 में निर्मित वेरिएंट को परीक्षण में 1-स्टार रेटिंग मिली, जबकि दिसंबर, 2023 मॉडल ने 3-स्टार रेटिंग हासिल की है।
सिट्रॉन eC3 इलेक्ट्रिक हैचबैक भी 2024 में ग्लोबल NCAP क्रैश टेस्ट में कमजोर प्रदर्शन के साथ 1-स्टार रेटिंग हासिल करने में कामयाब रही।
सितंबर, 2023 में लॉन्च हुई टाटा नेक्सन फेसलिफ्ट शानदार प्रदर्शन करते हुए 5-स्टार सुरक्षा रेटिंग हासिल कर सबसे सुरक्षित कार बन गई।
BNCAP
परखी गई महिंद्रा की इन गाड़ियों की सुरक्षा
भारत के स्वदेशी क्रैश टेस्ट प्रोग्राम BNCAP में महिंद्रा थार रॉक्स ने वयस्क और बच्चे दोनों की सुरक्षा के लिए 5-स्टार सुरक्षा रेटिंग हासिल की है।
यह इसे BNCAP यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली बॉडी-ऑन-फ्रेम SUV बनाता है। महिंद्रा XUV 3XO ने भी वयस्क और बच्चे की सुरक्षा के लिए 5-स्टार सुरक्षा रेटिंग हासिल की।
इसी प्रकार नवंबर में टेस्ट की गई महिंद्रा XUV400 EV ने भी 5-स्टार सुरक्षा रेटिंग अर्जित की है।
टक्सन
BNCAP में नई टक्सन को मिली कितनी रेटिंग?
दक्षिण कोरियाई कार निर्माता हुंडई मोटर कंपनी की नई टक्सन का भी इस साल भारत NCAP द्वारा परीक्षण किया गया।
स्वदेशी एजेंसी ने इसे वयस्क और बाल दोनों यात्रियों की सुरक्षा के लिए 5-स्टार रेटिंग दी है।
कार निर्माता सिट्राॅन ने इस साल अगस्त में अपनी कूपे-SUV बेसाल्ट को लॉन्च किया था। इस गाड़ी का अक्टूबर में BNCAP की ओर से क्रैश टेस्ट किया, जिसमें यह गाड़ी 4-स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल करने में कामयाब रही।
टाटा कारें
टाटा की इन गाड़ियों ने हासिल की सर्वाधिक रेटिंग
भारतीय कार निर्माता टाटा मोटर्स की कर्व कूपे-SUV ने BNCAP में अपनी प्रतिद्वंद्वी सिट्रॉन बेसाल्ट से बेहतर प्रदर्शन किया और वयस्क और बच्चों दोनों की सुरक्षा के लिए 5-स्टार सुरक्षा रेटिंग प्राप्त की।
अपने ICE मॉडल की तरह की टाटा कर्व के इलेक्ट्रिक वर्जन ने भी इस क्रैश टेस्ट में सर्वाधिक 5-स्टार रेटिंग हासिल की।
इसी प्रकार कंपनी की नेक्सन का ICE और इलेक्ट्रिक मॉडल और पंच EV सुरक्षा के लिए 5-स्टार रेटिंग हासिल करने वाली गाड़ियां रही हैं।