किन खूबियों के साथ आती है BMW iX3, जिसने 'वर्ल्ड कार ऑफ द ईयर' खिताब जीता?
क्या है खबर?
लग्जरी कार निर्माता BMW की iX3 ने प्रतिष्ठित 2026 'वर्ल्ड कार ऑफ द ईयर (WCOTY)' का खिताब अपने नाम कर लिया है। न्यूयॉर्क इंटरनेशनल ऑटो शो में इसकी घोषणा की गई। इसने पुरस्कार के लिए दावेदार निसान लीफ और हुंडई पैलिसेड को कड़ी चुनौती देते हुए मात दी। साथ ही BMW समूह के अध्यक्ष ओलिवर जिप्से को पर्सन ऑफ द ईयर चुना गया। आइये जानते हैं WCOTY का खिताब जीतने वाली BMW iX3 किन खूबियों के साथ आती है।
फीचर
इन सुविधाओं से लैस है iX3
नई BMW iX3 को पिछले साल सितंबर में पेश किया गया था। इसके डायमेंशन की बात करें तो लंबाई 4,782mm, चौड़ाई 1,895mm, ऊंचाई 1,635mm और व्हीलबेस 2,897mm है। एक्सटीरियर में वर्टीकल लगी किडनी ग्रिल और क्रोम की जगह हॉरिजॉन्टल लाइट सिग्नेचर दिए गए हैं। इस SUV का ड्रैग गुणांक 0.24 है, जो इसकी दक्षता बढ़ाने में सहायक है। केबिन में नए ऑपरेटिंग सिस्टम द्वारा संचालित BMW पैनोरैमिक आईड्राइव, 17.9-इंच का सेंट्रल डिस्प्ले और एक नया 3D हेड-अप डिस्प्ले है।
प्रदर्शन्
ऐसा है iX3 का प्रदर्शन
iX3 में चार उच्च-प्रदर्शन वाले कंप्यूटर लगे हैं, जिन्हें सुपरब्रेन कहा जाता है, जो ड्राइविंग डायनामिक्स, ऑटोनॉमस ड्राइविंग, इंफोटेनमेंट और कम्फर्ट सिस्टम को नियंत्रित करते हैं। इसके 50 एक्सड्राइव वेरिएंट में 2 इलेक्ट्रिक मोटर लगी हैं, जिससे यह 4.9 सेकेंड में 0-100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है और अधिकतम गति 210 किमी/घंटा है। इसकी 108.7kWh बैटरी 679-805 किलोमीटर की रेंज प्रदान करती है। 400kW की फास्ट चार्जिंग से 21 मिनट में 10-80 फीसदी चार्ज किया जा सकता है।
विजेता
अन्य श्रेणियों में ये हैं विजेता
2026 वर्ल्ड कार अवार्ड्स में 6 अन्य श्रेणियों में भी विजेताओं की घोषणा की गई है। NIO फायरफ्लाई को वर्ल्ड अर्बन कार ऑफ द ईयर चुना गया, जबकि ल्यूसिड ग्रेविटी ने वर्ल्ड लग्जरी कार ऑफ द ईयर का खिताब अपने नाम किया है। हुंडई आयोनिक-6 N ने वर्ल्ड परफॉर्मेंस कार ऑफ द ईयर के खिताब पर कब्जा जमाया और माज्दा 6e/EZ-6 ने डिजाइन उत्कृष्टता के लिए शीर्ष सम्मान प्राप्त किया है।