बजाज एवेंजर 220 स्ट्रीट बाइक फिर हुई लॉन्च, 2020 में बंद हो गया था उत्पादन
क्या है खबर?
बजाज ने भारत में अपनी बजाज एवेंजर 220 स्ट्रीट बाइक को एक बार फिर लॉन्च कर दिया है। बता दें कि कंपनी ने 2020 में इस मॉडल को बंद कर दिया था।
लेटेस्ट बाइक एवेंजर 220 और एवेंजर 160 पर आधारित है। इसमें BS6 फेज-II मानकों को पूरा करने वाला 220cc का सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है। साथ ही इसमें डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल भी है।
आइये इस बाइक के सभी फीचर्स के बारे में जानते हैं।
लुक
कैसा है बजाज एवेंजर 220 स्ट्रीट का लुक?
डिजाइन की बात करें तो बजाज एवेंजर 220 स्ट्रीट एक क्रूजर बाइक है। इसे लो-बीम फ्रेम पर बनाया गया है।
इसमें एक्सटेंशन के साथ एक मस्कुलर फ्यूल टैंक, स्प्लिट-स्टाइल सीटें, एक पिलर ग्रैब रेल और एक अंडरबेली एग्जॉस्ट सिस्टम उपलब्ध है। इसमें एक बड़ा विंडस्क्रीन भी है।
बाइक में एक डिजिटल इंस्ट्रूमेंट कंसोल, गोल हैलोजन हेडलैंप, LED टेललाइट और अलॉय व्हील्स दिए गए हैं।
बता दें कि यह बाइक 12 लीटर पेट्रोल स्टोर कर सकती है।
इंजन
बाइक में मिलेगा 220cc का इंजन
लेटेस्ट बाइक बजाज एवेंजर 220 स्ट्रीट में BS6 फेज-II मानकों वाला 220cc का एयर-कूल्ड, फ्यूल-इंजेक्टेड इंजन दिया गया है, जो 8,400rpm पर 19bhp की पावर और 17Nm का पीक टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है। ट्रांसमिशन के लिए इसमें 5-स्पीड गियरबॉक्स जोड़ा गया है।
जानकारी के अनुसार, इस बाइक की टॉप स्पीड करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे है और यह एक लीटर पेट्रोल में करीब 40 किलोमीटर तक की दूरी तय करने में सक्षम होगी।
फीचर्स
इन फीचर्स से लैस है बजाज एवेंजर 220 स्ट्रीट
राइडर की सुरक्षा और बजाज एवेंजर 220 स्ट्रीट को सड़कों पर बेहतर संचालन प्रदान करने के लिए इस क्रूजर बाइक के आगे वाले पहिए पर डिस्क ब्रेक और पीछे की तरफ ड्रम ब्रेक दिए गए हैं। इसके साथ ही इसमें सिंगल-चैनल एंटीलॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) भी है।
सस्पेंशन को आरामदायक बनाने के लिए इसमें सामने की तरफ टेलिस्कोपिक फोर्क्स और पीछे की तरफ डुअल-शॉक यूनिट दिया गया है। कंपनी ने इस बाइक को खास टूरिंग के लिए बनाया है।
जानकारी
क्या है इस बाइक की कीमत?
भारतीय बाजार में बजाज एवेंजर 3 वेरिएंट्स में उपलब्ध है। एवेंजर 160 और एवेंजर 220 क्रूज को क्रमशः 1.13 लाख और 1.38 लाख रुपये देकर खरीदा जा सकता है। वहीं नई एवेंजर 220 स्ट्रीट बाइक को 1.42 लाख (सभी कीमतें एक्स-शोरूम) में उतारा गया है।
न्यूजबाइट्स प्लस
पहली बार कब लॉन्च हुई थी बजाज एवेंजर?
बजाज ने जून, 2010 में अपनी बजाज एवेंजर 220 क्रूजर बाइक को दो वेरिएंट्स स्ट्रीट और क्रूज में लॉन्च किया था।
इसके बाद 2019 में कंपनी इस बाइक का किफायती 160 मॉडल लॉन्च किया था। इस वजह से बजाज ने इसके स्ट्रीट मॉडल को 2020 में बंद कर दिया था।
एवेंजर एक एंट्री-लेवल क्रूजर बाइक है, लेकिन पारंपरिक क्रूजर की तुलना में यह हल्की है और इस वजह से टूरिंग करने वालों की भी पसंद बन गई है।