
पावरफुल क्रूजर बाइक रिबेल CMX1100T ला रही होंडा, मिलान EICMA शो में हुई पेश
क्या है खबर?
जापान की दिग्गज वाहन निर्माता कंपनी होंडा ने इटली में चल रहे EICMA 2022 शो में वैश्विक बाजारों के लिए अपनी नई CMX1100T रिबेल मॉडल को पेश कर दिया है। यह बाइक अब लेटेस्ट टूरिंग एक्सेसरीज से लैस है।
नए फीचर्स के तौर पर इसमें दिए गए काउल और हार्ड पैनियर्स के अलावा इस क्रूजर बाइक से सभी फीचर्स इसके मौजूदा मॉडल के समान ही होंगे।
इसमें 1084cc का लिक्विड-कूल्ड, पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है।
डिजाइन
डायमंड फ्रेम पर बनी है नई होंडा CMX1100T
डिजाइन की बात करें तो नई होंडा CMX1100T रिबेल को डायमंड फ्रेम पर बनाया गया है।
इसमें टियर-ड्राप के आकार का 13.6-लीटर का फ्यूल टैंक, नए डिजाइन के डे टाइम रनिंग लाइट्स (DRL) के साथ एक गोल LED हेडलाइट, फ्लोटिंग-टाइप काउल, बड़े हैंडलबार, स्प्लिट-टाइप सीट, एक ब्लैक-आउट साइड-माउंटेड एग्जॉस्ट सिस्टम, राउंडेड फेंडर और एक सर्कुलर LED टेललैंप दिए गए हैं।
बाइक में गोल LCD डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है। इसमें आगे 18-इंच और पीछे 16-इंच के अलॉय व्हील्स मिलेंगे।
इंजन
1084cc इंजन के साथ आएगी यह बाइक
नई होंडा CMX1100T में 1084cc का लिक्विड-कूल्ड, पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है, जो 86hp की पावर और 98Nm का पीक टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है। ट्रांसमिशन के लिए इंजन को 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा जा सकता है।
जानकारी के अनुसार, यह बाइक 160 किलोमीटर प्रति घंटे की टॉप स्पीड से चलने में सक्षम है। वहीं, यह मात्र 4.16 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड पकड़ सकती है।
फीचर्स
इन फीचर्स से लैस होगी बाइक
राइडर की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए 2023 होंडा CMX1100T में ड्यूल चैनल एंटी लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS), राइड-बाय-वायर थ्रॉटल और होंडा सेलेक्टेबल टॉर्क कंट्रोल (HSTC) के साथ आगे और पीछे दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक दिए गए हैं।
वहीं, इसके सस्पेंशन आरामदायक बनाने के लिए इसमें आगे की तरफ 43mm के टेलीस्कोपिक फ्रंट फोर्क्स फोर्क्स और पीछे की तरफ ड्यूल-शॉक एब्जॉर्बर दिए गए हैं। इसे खास टूरिंग के लिए बनाया गया है।
जानकारी
क्या होगी इस बाइक की कीमत?
होंडा ने अभी तक 2023 CMX1100T की कीमत और उपलब्धता की जानकारी नहीं दी है। क्रूजर को स्ट्रीट और टूर एक्सेसरी पैक के साथ पेश किया जाएगा। रिपोर्ट्स की मानें तो भारत में इसे 12 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के आस-पास लॉन्च किया जा सकता है।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
मिलान मोटरसाइकिल शो (2022 EICMA) में होंडा ने अपनी नई CL500 बाइक को भी पेश किया है। यह बाइक रिबेल 500 (CMX500) मॉडल पर आधारित है और CL500 का लुक 1960 और 1970 में लॉन्च हुई स्टैंडर्ड CLs बाइक्स के समान है।
इसमें 471cc का लिक्विड-कूल्ड, फ्यूल-इंजेक्टेड, फोर-स्ट्रोक, पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है, जो 46hp की अधिकतम पावर और 43.4Nm का पीक टॉर्क जनरेट करने में सक्षम है। इसे दो लाख से तीन लाख रुपये के बीच लॉन्च किया जायेगा।