Page Loader
इमरान खान फिर बोले- कश्मीर मुद्दा नजरअंदाज हुआ तो युद्ध के करीब आ जाएंगे भारत-पाकिस्तान

इमरान खान फिर बोले- कश्मीर मुद्दा नजरअंदाज हुआ तो युद्ध के करीब आ जाएंगे भारत-पाकिस्तान

Aug 31, 2019
11:14 am

क्या है खबर?

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने भारत के साथ एक बार फिर युद्ध की धमकी दी है। न्यूयॉर्क टाइम्स में लिखे अपने लेख में इमरान ने कहा है कि अगर दुनिया कश्मीर के मुद्दे को नजरअंदाज करती है तो दोनों देश सैन्य लड़ाई के करीब पहुंच जाएंगे। वहीं पाकिस्तानी सेना के प्रमुख जनरल कमर जावेद बाजवा ने दावा किया कि कश्मीर में बिगड़ते हालात क्षेत्रीय शांति के लिए खतरा हैं। आइये, इस बारे में विस्तार से जानते हैं।

इमरान का लेख

पूरी दुनिया पर होगा असर- इमरान

इमरान ने लिखा, 'अगर दुनिया भारत द्वारा कश्मीर और यहां के लोगों पर हो रहे उत्पीड़न को रोकने के लिए कुछ नहीं करती है तो इसका पूरे विश्व पर असर होगा क्योंकि दो परमाणु शक्ति संपन्न देश लड़ाई के करीब आ जाएंगे।' इमरान ने लेख में लिखा कि भारत और पाकिस्तान को कश्मीर मुद्दे पर बात करने के लिए मौजूदा स्थिति से बाहर निकलना होगा। बता दें, कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म होने के बाद से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है।

आरोप

भारत ने बंद किए शांति के प्रयास- इमरान

अपने लेख में इमरान ने लिखा, 'भारत सरकार ने शांति के लिए किए जाने वाले सारे प्रयास बंद कर दिए हैं।' उन्होंने लिखा कि वह भारत के साथ व्यापार और कश्मीर मुद्दे का समाधान कर रिश्तों को सामान्य बनाना चाहते थे। इमरान ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद अपने पहले भाषण में उन्होंने इस मुद्दे का जिक्र भी किया था, लेकिन पुलवामा में हुए हमले के बाद भारत सरकार ने इसे लेकर तुरंत पाकिस्तान को दोषी ठहरा दिया।

निशाना

इमरान ने RSS पर भी साधा निशाना

इमरान ने अपने लेख में लिखा कि भारत, पाकिस्तान को फाइनेंशियल एक्शन टास्क फोर्स (FATF) में ब्लैकलिस्ट करवाने के लिए लॉबिंग कर रहा है, जिससे पाकिस्तान पर कई आर्थिक प्रतिबंध लग जाएंगे। उन्होंने राष्ट्रीय स्वंयसेवक पर भी हमला बोलते हुए लिखा कि नये भारत में हिंदू वर्चस्ववादी संगठन RSS से निकले नेता शासन कर रहे हैं। RSS हिटलर और मुसोलिनी जैसे नेताओं से प्रेरणा लेता है।

जानकारी

कश्मीर पर फैसला पलटे तो बातचीत संभव- इमरान

इमरान ने कहा कि जब तक भारत जम्मू-कश्मीर को लेकर किए गए फैसलों को नहीं पलटेगा, तब तक उसके साथ बातचीत संभव नहीं है। पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत तत्काल प्रभाव से कश्मीर से अपनी सेना वापस बुलाए।

पाकिस्तान

शुक्रवार को पाकिस्तान में मनाया गया 'कश्मीर ऑवर'

इमरान खान की अपील पर पाकिस्तान में शुक्रवार को 12 से 12:30 बजे तक कश्मीर के लोगों के साथ एकजुटता दिखाने के लिए कश्मीर ऑवर मनाया गया। इस मौके पर अपने आवास के बाहर पहुंचे लोगों को संबोधित करते हुए इमरान खान ने कहा कि आज हर पाकिस्तानी अपने कश्मीरियों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि अगर भारत कश्मीर में कोई कार्रवाई करता है तो पाकिस्तान सेना उसका जवाब देने के लिए तैयार है।