Page Loader
अमेरिका: दो जगहों पर गोलीबारी में एक की मौत, व्हाइट हाउस के पास हुई घटना

अमेरिका: दो जगहों पर गोलीबारी में एक की मौत, व्हाइट हाउस के पास हुई घटना

Sep 20, 2019
12:28 pm

क्या है खबर?

अमेरिका में एक बार फिर गोलीबारी की घटनाएं हुई हैं। गुरुवार रात को हुई गोलीबारी की दो घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई और आठ लोग घायल हुए हैं। वाशिंगटन पोस्ट के मुताबिक, पहली घटना गुरुवार रात लगभग 10:05 बजे हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत और एक महिला समेत पांच लोग घायल हुए हैं। यह गोलीबारी कोलंबिया रोड स्थित कोलंबिया हाइट अपार्टमेंट में हुई। जिस जगह गोलीबारी हुई, वह व्हाइट हाउस के नजदीक है।

तलाश

हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि दो लोगों ने यहां गोलीबारी की। इन्हें अंतिम बार अपार्टमेंट के पीछे देखा गया था और इनके पास राइफल हैं। पुलिस फिलहाल इन दोनों की तलाश में जुटी है। अभी तक गोलीबारी के पीछे की वजह का पता नहीं लगा है। पुलिस ने बताया कि वह प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों और कैमरा फुटेज के आधार पर जांच कर रही है। कोलंबिया अपार्टमेंट व्हाइट हाउस से महज तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

जानकारी

दूसरी घटना में तीन लोग घायल

गोलीबारी की दूसरी घटना रोह्ड्स आईलैंड में 10:30 बजे हुई। इसमें हमलावर ने तीन लोगों को गोली मारी, जिसमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन दोनों घटनाओं का कुछ संबंध है या नहीं।

पुरानी घटना

टेक्सास में गोलीबारी में हुई थी पांच लोगों की मौत

इस महीने की शुरुआत में अमेरिका के एक दूसरे शहर टेक्सास में गोलीबारी की घटना पांच लोगों की मौत हुई थी और 21 लोग घायल हो गए थे। इस घटना में बंदूकधारी ने डाक सेवा की वैन को हाइजैक किया। इसके बाद ओडेसा और मिडलैंड में सड़क किनारे लोगों पर गोली चलाना शुरू कर दिया। मृतकों में एक छात्र भी शामिल था। बाद में पुलिस ने संदिग्ध को मारने का दावा किया था।

पुरानी घटना

3 अगस्त को वॉलमार्ट स्टोर में बंदूकधारी ने बरसाईं थीं अंधाधुंध गोलियां

इससे पहले 3 अगस्त को टेक्सास के एल पासो स्थित वॉलमार्ट स्टोर में राइफल लेकर घुसे एक व्यक्ति ने वहा सामान खरीद रहे लोगों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं थीं। इस घटना में 20 लोग मारे गए थे, जबकि 26 लोग घायल हुुए थे। हमलावर ने इसके बाद मौके पर ही पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी की पहचान डलास के ऐलेन उपनगर के रहने वाले 21 वर्षीय श्वेत युवक के तौर पर की गई थी।

नस्लभेदी घटना

नस्लभेदी घटना थी वॉलमार्ट स्टोर में हुई गोलीबारी

पुलिस को हमलावर का एक घोषणापत्र मिला है जिसमें इस घटना के एक 'हेट क्राइम' होने की बात सामने आई थी। इस घोषणापत्र में वॉलमार्ट हमले को "टेक्सास पर हिस्पैनिक आक्रमण का जवाब" बताया गया था। हिस्पैनिक का मतलब उन देशों के लोगों से हैं जहां स्पैनिश भाषा बोली जाती है। इनमें ज्यादातर लैटिन अमेरिका के देश आते हैं। इसमें न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में 2 मस्जिदों पर हमला करने वाले बंदूकधारी की तारीफ की गई थी।