Loading...
श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे की पत्नी शिरंथी गिरफ्तार, ये है आरोप
श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे की पत्नी शिरंथी गिरफ्तार

श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे की पत्नी शिरंथी गिरफ्तार, ये है आरोप

लेखन गजेंद्र
Oct 07, 2026
04:36 pm

क्या है खबर?

श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे की 73 वर्षीय पत्नी और पूर्व प्रथम महिला शिरंथी राजपक्षे को बुधवार को उनके कोलंबो स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया गया। शिरंथी पर आरोप है कि वह जिस चैरिटी संस्था सिरिलिया सविया फंड से जुड़ी हैं, उसने बच्चों के अस्पताल के लिए जुटाए गए दान का दुरुपयोग किया है। उनको गिरफ्तार करने से पहले वित्तीय अनियमितताओं और खाते से संबंधित लेनदेन को लेकर 2 घंटे तक पूछताछ हुई थी।

याचिका

5 अक्टूबर को सिंगापुर से लौटी थीं शिरंथी

शिरंथी 16 सितंबर को आंखों के इलाज के लिए सिंगापुर गई थीं, जहां से 5 अक्टूबर को श्रीलंका लौटीं। इसके बाद रिश्वतखोरी-भ्रष्टाचार की जांच करने वाले आयोग CIABOC के अधिकारी बुधवार को उनके घर पहुंचे।

बता दें कि अपनी गिरफ्तारी रोकने के लिए शिरंथी ने अदालत में याचिका दायर की थी, लेकिन सुनवाई 12 अक्टूबर को तय की गई है।

महिंदा राजपक्षे के प्रवक्ता मनोज गामागे ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि पैसा सिरिलिया के खातों में सुरक्षित है।

घोटाला

कितने का है घोटाला?

BBC के मुताबिक, आयोग के अधिकारियों ने शिरंथी से सिरिलिया सविया चैरिटी द्वारा एकत्रित 29 लाख रुपये से अधिक के दान के संबंध में पूछताछ की है।

इन पैसों से कोलंबो के लेडी रिजवे चिल्ड्रन हॉस्पिटल के लिए एक विशेष स्कैनर मंगवाया जाना था। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि स्कैनर चीनी सरकार पहले ही दान कर चुकी थी।

अधिकारी जांच कर रहे हैं कि फाउंडेशन द्वारा दान के रूप में प्राप्त लाखों रुपये का उचित हिसाब नहीं रखा गया।

ADVERTISEMENT

संकट

मुश्किल में राजपक्षे परिवार

महिंदा राजपक्षे 2005 से 2015 तक श्रीलंका के राष्ट्रपति रहे और वर्षों तक उनके परिवार का देश की राजनीति पर नियंत्रण रहा।

महिंदा 2009 में तमिल टाइगर विद्रोहियों को कुचलकर 3 दशकों के गृहयुद्ध का अंत करके नायक बन गए थे, लेकिन 2022 में उनके भाई गोटाबाया राजपक्षे के शासन में देश में महंगाई को लेकर प्रदर्शन शुरू हो गए।

उनको सत्ता से हटा दिया गया। अब मौजूदा राष्ट्रपति अनुराकुमारा दिसानायके राजपक्षे परिवार के भ्रष्टाचारों की जांच करवा रहे हैं।

ADVERTISEMENT

जानकारी

हाल में गिरफ्तार हुआ था बेटा

महिंदा और शिरंथी का बड़ा बेटा नमाल राजपक्षे 4 सितंबर को, श्रीलंकाई एयरलाइंस के लिए बड़े आकार के विमानों की खरीद से जुड़े आरोपों के मामले में गिरफ्तार हुआ था। उन्हें 30 सितंबर को जमानत मिल गई । उनके भाई योशिता भी हिरासत में हैं।

ADVERTISEMENT