Loading...
बांग्लादेश में हिंदू परिवार के 4 सदस्यों की हत्या से सनसनी, अलग-अलग जगहों पर मिले शव
बांग्लादेश में हिंदू परिवार के 4 सदस्यों की हत्या की गई है

बांग्लादेश में हिंदू परिवार के 4 सदस्यों की हत्या से सनसनी, अलग-अलग जगहों पर मिले शव

Aug 23, 2026
02:35 pm

क्या है खबर?

बांग्लादेश के रंगपुर शहर के दासपारा (मछुआपारा) इलाके में एक हिंदू परिवार के 4 सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शनिवार रात एक बंद घर का ताला तोड़कर पुलिस ने रंगपुर जिला स्कूल के सेवानिवृत्त शिक्षक, उनकी पत्नी, जवान बेटी और 12 वर्षीय बेटे के शव बरामद किए। शुरुआती जांच में सभी की गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

सूचना

पुलिस को शनिवार रात मिली थी सूचना

द डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, रंगपुर मेट्रोपॉलिटन कोतवाली थानाप्रभारी नजमुल कादर ने घटना की पुष्टि की है।

उन्होंने बताया कि शनिवार रात करीब 11 बजे मछुआपारा इलाके के घर में शव होने की सूचना मिल थी। रात करीब 11:30 बजे घर पहुंची पुलिस ने चारों शव बरामद किए।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान गणपति चक्रवर्ती (65), उनकी पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती (50), बेटी आगामी चक्रवर्ती (23) और बेटे प्रियम चक्रवर्ती (12) के रूप में हुई है।

हालात

अलग-अलग जगहों पर मिले शव

थानाप्रभारी कादर ने बताया कि हत्यारों ने वारदात को अंजाम देकर शवों को घर के अलग-अलग हिस्सों में छिपा दिया था।

गणपति चक्रवर्ती का शव घर की तीसरी मंजिल की छत पर मिला। प्रीतिलता और आगामी के शव घर के अंदर सीढ़ियों से बरामद किए गए।

इसी तरह प्रियम का शव कमरे में एक पलंग के नीचे से बरामद हुआ।

उन्होंने बताया कि गुरुवार रात से ही परिवार के सभी चारों सदस्यों के मोबाइल फोन बंद आ रहे थे।

ADVERTISEMENT

खुलासा

कैसे हुआ घटना का खुलासा?

पुलिस ने बताया कि फोन बंद मिलने के बाद परेशान रिश्तेदार शनिवार रात मौके पर पहुंचे। मुख्य गेट पर ताला लटका था और अंदर अंधेरा था।

सूचना मिलने पर पुलिस ने पहुंचकर ताला तोड़ा तो अंदर चारों के शव मिले।

CID के मुताबिक, वारदात गुरुवार आधी रात से शुक्रवार तड़के के बीच अंजाम दी गई होगी।

शुरुआती जांच में गला घोंटकर हत्या करना प्रतीत हो रहा है। सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चल सकेगा।

ADVERTISEMENT