LOADING...
कोरोना वायरस: यूक्रेन में लुटेरों ने बंदूक की नोक पर लूटे एक लाख मास्क

कोरोना वायरस: यूक्रेन में लुटेरों ने बंदूक की नोक पर लूटे एक लाख मास्क

Mar 18, 2020
07:08 pm

क्या है खबर?

चीन के वुहान से निकले कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया को अपने आगोश में ले लिया है। सभी देश इससे बचने के लिए अपने स्तर पर सख्त कदम उठा रहे हैं। सभी सरकारें अपने नागरिकों को मास्क पहनने और बार-बार धोने की अपील कर रही हैं, इसलिए कई जगहों पर मास्क की कमी होने लगी है। इसी बीच यूक्रेन में लुटेरों ने बंदूक की नोक पर एक व्यापारी की कार में रखे एक लाख सर्जिकल मास्क लूट लिए।

वारदात

लुटेरों ने पुलिस की वर्दी पहनकर दिया वारदात को अंजाम

कीव पुलिस ने बताया कि सरकार ने मंगलवार को कोरोना से बचने के लिए सभी रेस्त्रां, दुकान व सार्वजनिक परिवहन के साधनों का संचालन बंद कर दिया था। ऐसे में कुछ लुटेरों ने कीव शहर में पुलिस की वर्दी पहनकर बंदूक की नोक पर एक स्थानीय विक्रेता की कार में रखे एक लाख मास्क लूट लिए। हालांकि, पुलिस ने बाद में पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से लूटे गए मास्क भी बरामद किए हैं।

जानकारी

लुटेरों ने व्यापारी के साथ जमकर की मारपीट

कीव प्रमुख पुलिस अधिकारी एंड्री क्रियासचेंको ने बताया कि लुटेरों ने वारदात का विरोध कर रहे स्थानीय विक्रेता के साथ जमकर मारपीट भी की थी। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

Advertisement

कार्रवाई

यूक्रेन सरकार ने कोरोना से बचने के लिए उठाए कठोर कदम

यूक्रेन सरकार ने कोरोना से बचने के लिए कई कठोर कदम भी उठाए हैं। सरकार की ओर से रेस्त्रां, दुकान, मॉल्स और सार्वजनिक परिवहन को बंद करने के अलावा निगरानी कैंपों को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए हैं। राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने मंगलवार को संसद के विशेष सत्र में अनिवार्य निगरानी अवधि से पहले वहां से जाने वालों के खिलाफ जुर्माना और जेल भेजने की सजा जैसे सख्त प्रावधानों को मंजूरी दी है।

Advertisement

परेशानी

सरकार के प्रतिबंधों पर लोगों ने जताई नाराजगी

पश्चिमी यूक्रेन लविव शहर के एक रेस्त्रां संचालक मार्क जारिन ने कहा कि शहर में आने वाले पर्यटकों के लिए यहां के रेस्त्रां और कैफे काफी लोकप्रिय है। यहां के सुपर मार्केट संचालकों ने भी बीमारी से लड़ने के लिए आने वाले लोगों के लिए मास्क अनिवार्य किया था। इसके बाद भी सरकार की ओर से लगाए गए प्रतिबंध से कोई भी रेस्त्रां संचालक खुश नहीं है। इससे लोगों को आर्थिक नुकसान हो रहा है।

वर्तमान स्थिति

विश्व और यूक्रेन में यह है कोरोना वायरस की वर्तमान स्थिति

कोरोना वायरस धीरे-धीरे दुनिया के सभी देशों को अपने चपेट में लेता जा रहा है। दुनियाभर में अब तक इससे 8,227 लोगों की मौत हो चुकी है। इसी तरह दो लाख तीन हजार 617 लोगों से इससे संक्रमित होने की पुष्टि हो चुकी है। वहीं यूक्रेन में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या 14 पहुंच गई है, जबकि दो लोगों की मौत हो चुकी है।

Advertisement