पाकिस्तान ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के 15 महीने बाद दोबारा खड़ा किया JeM का बहावलपुर मुख्यालय
क्या है खबर?
भारत की ओर से मई 2025 में चलाए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' के महज 15 महीने बाद पाकिस्तान ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी नापाक हकीकत फिर दुनिया के सामने ला दी है। एक मीडिया एक्सक्लूसिव रिपोर्ट में सामने आए विशेष वीडियो और सैटेलाइट तस्वीरों से खुलासा हुआ है कि पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के बहावलपुर में स्थित जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के 'मरकज सुभानअल्लाह कॉम्प्लेक्स' का पुनर्निर्माण कर लिया गया है। बता दें कि यह ठिकाना 'ऑपरेशन सिंदूर' में ध्वस्त हो गया था।
लागत
11 करोड़ पाकिस्तानी रुपये से हुआ पुनर्निर्माण
इंडिया टीवी की रिपोर्ट के अनुसार, खुफिया सूत्रों ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर की तबाही के बाद पाकिस्तानी प्रशासन द्वारा JeM को करीब 25 करोड़ पाकिस्तानी रुपये राशि दी गई थी।
इसमें से लगभग 11 करोड़ रुपये अकेले बहावलपुर कॉम्प्लेक्स को चमकाने में खर्च किए गए।
लीक हुए वीडियो के मुताबिक, इस आतंकी फैक्ट्री के गुंबदों और केंद्रीय हॉल को नए प्लास्टर, आकर्षक पेंट और विदेशों से मंगाए गए महंगे मार्बल से बेहद आलीशान लुक दिया गया है।
जानकारी
पुराने ढांचों को हटाकर कराया नया निर्माण
खुफिया रिपोर्ट के अनुसार, कॉम्प्लेक्स के पास मौजूद आतंकी ब्रेनवॉश सेंटर 'मदरसा अल-साबिर' और आतंकी कमांडरों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले क्षतिग्रस्त आवासीय क्वार्टर को भी पूरी तरह साफ करके नया निर्माण किया गया है।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें ऑपरेशन सिंदूर के बाद की स्थिति और वर्तमान वीडियो
Jaish-e-Mohammed (JeM) headquarters Markaz Subhanallah in Bahawalpur, Pakistan has been completely reconstructed and is now fully operational, months after it was destroyed in Indian airstrikes.
— Manish Shukla (@manishmedia) August 23, 2026
The first inside visuals of Markaz Subhanallah after the strike show the complex has… pic.twitter.com/qbJHbWfOm0
कमान
आतंकी मसूद अजहर के भाइयों ने संभाली कमान
रिपोर्ट के अनुसार, गंभीर बीमारी के चलते JeM के सरगना मौलाना मसूद अजहर को नेतृत्व से पूरी तरह अलग कर दिया गया है।
अब पूरा ऑपरेशनल नियंत्रण मसूद के दो भाइयों तलहा अल-सैफ और मोहीनुद्दीन औरंगजेब उर्फ अम्मार अलवी के हाथों में सौंप दिया गया है।
मसूद और उसका भाई रऊफ असगर इस समय पाकिस्तान के सिंध प्रांत के नवाबशाह जिले में छिपे हैं, जहां पाकिस्तानी सरकार ने उन्हें VVIP दर्जे के तहत सुरक्षा दे रखी है।
कार्रवाई
भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' क्यों चलाया था?
अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले में भारत के 26 लोगों की मौत हो गई थी।
इस हमले के जवाब में भारतीय सेना ने मई 2025 में 'ऑपरेशन सिंदूर' लॉन्च किया।
भारतीय जांबाजों ने सीमा पार घुसकर JeM के ठिकानों पर बम बरसाए थे, जिससे मरकज परिसर में गहरे और विशाल गड्ढे बन गए थे और भारी संख्या में आतंकी मारे गए थे।
हालांकि, पाकिस्तान ने 15 महीने में ही इसे फिर से पूरी तरह चालू कर दिया है।
चेतावनी
भारत की चेतावनी - फिर शुरू हो सकता है ऑपरेशन सिंदूर
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद अपने पहले बयान में कहा था, "दुनिया को संदेश एकदम स्पष्ट है। भारत की उदारता या सहिष्णुता को उसकी कमजोरी समझने की भूल कतई न की जाए। भारत बड़े जोखिम ले सकता है और बिना नतीजों की परवाह किए दुश्मन को उसके घर में घुसकर कड़ी चोट दे सकता है।"
भारत ने दोहराया है कि जरूरत पड़ने पर 'ऑपरेशन सिंदूर' को दोबारा लॉन्च किया जा सकता है।