गिनी की राजधानी में घरों पर गिरा कचरे का पहाड़, 30 लोगों की मौत
क्या है खबर?
पश्चिम अफ्रीकी देश गिनी की राजधानी कोनाक्री में रविवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। यहां के एक डंपिंग ग्राउंड में भारी बारिश होने के बाद कचरे का एक विशाल पहाड़ भरभराकर पास बने घरों पर आ गिरा। इस हादसे में 4 वर्षीय बच्चे समेत 30 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मलबे के नीचे फंसे लोगों की तलाश करने और शवों को निकालने के लिए बचाव दल तैनात किए गए हैं।
हादसा
कैसे हुआ यह हादसा?
न्यूज18 की रिपोर्ट के अनुसार, यह दुर्घटना रविवार (23 अगस्त) तड़के करीब 2:00 बजे हुई, जब लोग अपने घरों में सो रहे थे।
यह डंपिंग साइट राजधानी के बाहरी इलाके बेस्सिया जिले के दार-एस-सलाम मोहल्ले में स्थित है।
घटनास्थल पर बचाव टीमों को तैनात कर दिया गया है। स्थानीय लोग भी मदद में जुटे हैं।
मलबे के नीचे दबे संभावित जीवित लोगों की तलाश और शवों को बाहर निकालने के लिए JCB मशीनों की मदद ली जा रही है।
दौरा
प्रधानमंत्री ने किया घटनास्थल का दौरा
गिनी के प्रधानमंत्री अमदौ उरी बाह ने खुद दुर्घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
सरकार ने कहा कि घायलों के लिए चिकित्सा देखभाल सुनिश्चित करने और इस त्रासदी से प्रभावित लोगों को सहायता प्रदान करने के लिए भी कदम उठाए गए हैं।
स्थानीय मोहल्ले के नेता लैंसिन सिला ने कहा कि उन्हें आशंका है कि हताहतों की संख्या अधिक हो सकती है। उन्होंने AFP से कहा, "हमने 18 शव निकाले हैं जिन्हें मुर्दाघर ले जाया गया था।"
सवाल
विपक्ष ने घटना पर उठाए सवाल
देश के पूर्व प्रधानमंत्री और वर्तमान विपक्षी नेता सेलौ डेलिन डियालो ने फेसबुक पर दुख जताते हुए एक बड़ा खुलासा किया है।
उन्होंने कहा, "यह त्रासदी और भी चिंताजनक है क्योंकि इस कचरे के डंपयार्ड को 23 अगस्त को ही हमेशा के लिए बंद किया जाना था।"
विपक्ष ने मांग की है कि प्रशासन पूरी पारदर्शिता के साथ इस बात की जांच करे कि आखिर किस चूक की वजह से यह आपदा घटी और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।