इंडोनेशिया में 7.7 तीव्रता के भूकंप के बाद लगातार 341 झटके लगे, अब तक 57 मौत
क्या है खबर?
इंडोनेशिया के पूर्वी इलाके में शनिवार को आए 7.7 तीव्रता और उत्तरी सुमात्रा में 6.4 तीव्रता के भूकंप के बाद भी थोड़ी-थोड़ी देर में एक के बाद एक झटके लगते रहे। इंडोनेशियाई अधिकारियों ने रविवार को बताया कि 7.7 तीव्रता के भूकंप के बाद लगभग 5,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। भूकंप में कम से कम 57 लोगों की मौत हो गई है। कई जगह सड़कें अवरुद्ध हो गईं और भूस्खलन से नुकसान हुआ है।
भूकंप
1,300 से अधिक घर क्षतिग्रस्त
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बड़े भूकंप के बाद लगभग 341 झटकों से लोग सहम गए। यह दक्षिणपूर्वी एशियाई देश में 2022 में पश्चिम जावा में आए भूकंप के बाद सबसे घातक भूकंप है।
कैबिनेट सचिव टेडी इंद्र विजया ने कहा कि क्षेत्र में 3,500 से अधिक सैन्य और पुलिस अधिकारी तैनात हैं। माउमेरे में 1,300 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिसमें कई लोग दबे मिले।
बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण 20 पेट्रोल पंप बंद रहे।
भूकंप
भयानक भूकंप से थर्रा चुका है इंडोनेशिया
इस साल इंडोनेशिया में यह तीसरा बड़ा भूकंप है। इससे पहले अप्रैल में 7.4 और मार्च में 6.1 तीव्रता का भूकंप आया था। हालांकि, जनहानि नहीं हुई थी।
वर्ष 1992 में फ्लोरेस में 7.7 तीव्रता के भूकंप से सुनामी आई और लगभग 2,500 लोगों की जान गई।
इसके बाद, 2004 में सुमात्रा तट पर 9.1 तीव्रता के भूकंप-सुनामी से 2.20 लाख लोग मारे गए।
2018 दिसंबर में सुलावेसी द्वीप पर 7.5 तीव्रता के भूकंप-सुनामी में 4,300 लोग मारे गए थे।
भूकंप
इंडोनेशिया भूकंप के मामले में संवेदनशील
इंडोनेशिया 'पैसिफिक रिंग ऑफ फायर' में स्थित है, जो भूकंप के मामले में अत्यधिक सक्रिय क्षेत्र माना जाता है।
यहां पृथ्वी की सतह पर विभिन्न प्लेटें आपस में मिलती हैं और बड़ी संख्या में भूकंप और ज्वालामुखी उत्पन्न करती हैं। यह भूकंपीय घटनाओं के प्रति विशेष रूप से संवेदनशील है।
इंडोनेशिया का सुमात्रा क्षेत्र एक प्रमुख विवर्तनिक टकराव क्षेत्र पर स्थित है जो पूर्व में पापुआ से लेकर पश्चिम में हिमालयी क्षेत्र तक 8,000 किलोमीटर से अधिक लंबा है।