Page Loader
अमेरिका: शव साथ लेकर पुलिस स्टेशन पहुंचा भारतीय मूल का व्यक्ति, कबूली चार हत्याओं की बात

अमेरिका: शव साथ लेकर पुलिस स्टेशन पहुंचा भारतीय मूल का व्यक्ति, कबूली चार हत्याओं की बात

Oct 17, 2019
02:06 pm

क्या है खबर?

अमेरिका में रहने वाले भारतीय मूल के एक आईटी पेशेवर ने चार लोगों की हत्या कर खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान 53 वर्षीय शंकर नगप्पा हंगुड के रूप में हुई है। आरोपी ने एक लाश को अपनी कार में डाला और लगभग 350 किलोमीटर दूर नॉर्दर्न कैलिफॉर्निया के एक पुलिस स्टेशन पहुंच गया। वहां जाकर उसने पुलिस को बताया कि उसने अपने अपार्टमेंट में चार लोगों को मार दिया है।

मामला

आरोपी ने की अपने परिजनों की हत्या- पुलिस

इस घटना के बारे में बताते हुए रोजविले पुलिस विभाग के कैप्टेन जोशुआ साइमन ने कहा कि मृतक चारों व्यक्ति आरोपी के जानने वाले हैं। उन्होंने मृतकों के नाम नहीं बताए, लेकिन कहा कि मरने वालों आरोपी के परिजन हैं, जिनमें से व्यस्क और दो नाबालिग हैं। पुलिस ने जानकारी दी कि आरोपी अपनी कार लेकर पुलिस स्टेशन पहुंचा और वहां मौजूद अधिकारियों को बताया कि उसने चार लोगों की हत्या कर दी है।

कबूलनामा

पुलिस के सामने कबूला जुर्म

आरोपी कई कंपनियों में डाटा स्पेशलिस्ट का काम कर चुका है। घटना पर अफसोस जताते हुए साइमन ने कहा कि 1.30 लाख लोगों वाले प्लेसर काउंटी सिटी में यह अपनी तरह की पहली घटना है। आरोपी खुद कार चलाकर एक लाश के साथ माउंट शास्टा पुलिस स्टेशन पहुंचा और अपना जुर्म कबूला। इसके बाद उससे पूछताछ शुरू की गई। आरोपी ने पुलिस को अपने अपार्टमेंट का पता बताया। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो वहां भी शव पड़े थे।

वजह

हत्या की वजह नहीं आई सामने

पुलिस ने बताया कि अब तक इन हत्याओं की वजह का पता नहीं चल पाया है। आरोपी के रिकॉर्ड से पता चला कि वह इस साल 1.70 लाख अमेरिकी डॉलर के टैक्स के मामले का सामना कर रहा था। आरोपी 2018 तक एक IT कंपनी में काम कर रहा था। कंपनी ने इस मामले में कोई टिप्पणी नहीं की है। इससे पहले 2016 और 2001 में भी तेज गति से गाड़ी चलाने के कारण उन पर कानूनी कार्रवाई हुई थी।