Page Loader
स्पेन: जलवायु परिवर्तन कार्यकर्ताओं ने वॉलमार्ट की उत्तराधिकारी नैंसी वॉल्टर की आलीशान नौका में तोड़फोड़ की
स्पेन में जलवायु परिवर्तन कार्यकर्ताओं ने वॉलमार्ट उत्तराधिकारी की नौका में तोड़फोड़ की (तस्वीर: ट्विटर/@FuturoVegetal)

स्पेन: जलवायु परिवर्तन कार्यकर्ताओं ने वॉलमार्ट की उत्तराधिकारी नैंसी वॉल्टर की आलीशान नौका में तोड़फोड़ की

लेखन गजेंद्र
Jul 17, 2023
01:48 pm

क्या है खबर?

स्पेन के इबिजा में वॉलमार्ट की उत्तराधिकारी नैंसी वॉल्टर की 246 करोड़ रुपये कीमत वाली आलीशान नौका में जलवायु परिवर्तन कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ की और इस पर रंग पोत दिया। न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक, नौका में तोड़फोड़ स्पेन की पर्यावरण संस्था फ्युचरो वेजेटल के सदस्यों ने की। उन्होंने इसकी तस्वीरें भी अपने ट्विटर हैंडल पर साझा की। तस्वीरों में संस्था के सदस्य एक बैनर लिए नजर आ रहे हैं, जिसमें लिखा है 'आप उपभोग करते हैं और दूसरे भुगतते हैं।'

नाराजगी

अमीर लोग दूसरों को पीड़ा पहुंचाते हैं- पर्यावरण संस्था

पर्यावरण संस्था ने ट्वीट किया, 'अमीर लोग दूसरों की पीड़ा पर जीते हैं। ये सामाजिक पिरामिड में सबसे ऊंचाई पर हैं और पूरे ग्रह को अपनी सेवा में लगाए रखते हैं।' स्पेन के सिविल गार्ड्स ने नौका में तोड़फोड़ करने वाले 2 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। बता दें कि वॉल्टर 714 अरब की संपत्ति के साथ दुनिया की अमीर महिलाओं में शामिल हैं। उनकी काओस नाम की नौका 361 फीट की है, जिसमें 31 मेहमान सफर कर सकते हैं।