कनाडा: खालिस्तानी कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या का प्रदर्शन, तिरंगा जलाया
कनाडा के वैंकूवर में गुरुवार को खालिस्तान के समर्थन में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या का प्रदर्शन हुआ। यह प्रदर्शनी वैंकूवर में भारतीय वाणिज्य दूतावास के पास किया गया। इसमें पुतले के रूप में दिखाया गया है कि 2 सिख सुरक्षा कर्मी इंदिरा गांधी पर गोली चला रहे हैं। मामले में भारतीय अधिकारियों की ओर से कनाडा के विदेश मंत्रालय के समक्ष शिकायत दर्ज कराई गई है।
तिरंगा और संविधान की प्रतियां जलाई गईं
यह प्रदर्शन अलगाववादी समूह सिख फॉर जस्टिस (SFJ) की ओर से पंजाब में 1984 में हुए 'ऑपरेशन ब्लू स्टार' की 40वीं वर्षगांठ के अवसर हुआ था। इस दौरान खालिस्तानी झंडे लिए प्रदर्शनकारियों ने भारतीय तिरंगा और संविधान की प्रतियों को जलाया। प्रदर्शनकारियों ने 'बनकर रहेगा खालिस्तान' के नारे लगाए। वैंकूवर के अलावा टोरंटो में भी ऐसा कार्यक्रम हुआ था, लेकिन वहां पुतलों की प्रदर्शनी नहीं लगाई गई थी। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं।