Loading...
ड्रग्स तस्करों का पीछा करते भारत में घुसे 2 बांग्लादेशी पुलिसकर्मी, BSF ने वापस भेजा
ड्रग्स तस्करों का पीछा करते भारत में घुसे 2 बांग्लादेशी पुलिसकर्मियों को BSF ने वापस भेजा (प्रतीकात्मक तस्वीर)

ड्रग्स तस्करों का पीछा करते भारत में घुसे 2 बांग्लादेशी पुलिसकर्मी, BSF ने वापस भेजा

लेखन गजेंद्र
Oct 16, 2026
07:37 pm

क्या है खबर?

बांग्लादेश से ड्रग्स तस्करों का पीछा करते हुए भारत की सीमा में घुसने वाले 2 बांग्लादेशी पुलिस कर्मियों को सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने शुक्रवार को वापस भेज दिया। दोनों पुलिसकर्मियों ने गुरुवार रात 11 बजे कुमिला में शशिदल सीमा के पास एक नशीली दवाओं के खिलाफ अभियान के दौरान भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ की थी। उनको बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) को सौंपा गया है। उससे पहले, भारत और बांग्लादेश की सीमा बल के बीच बैठक हुई थी।

घुसपैठ

दोनों को स्थानीय लोगों ने पकड़ा था

डेली स्टार के मुताबिक, ब्राह्मणपारा थाने के सहायक सब-इंस्पेक्टर मोहम्मद इमरान हुसैन और कांस्टेबल रोहित दीवान को शुक्रवार दोपहर करीब 1:50 बजे कुमिला सीमा पर फ्लैग मीटिंग के बाद बांग्लादेशी क्षेत्र में वापस लाया गया।

पुलिस ने बताया कि दोनों पुलिसकर्मी जब ड्रग्स तस्करों का पीछा करते हुए भारतीय सीमा में घुसे थे, तब उन्हें स्थानीय लोगों ने पकड़कर BSF के हवाले कर दिया था।

घटना के समय पुलिसकर्मियों के हथियार गश्ती वाहन में थे, जिससे कोई दिक्कत नहीं हुई।

बैठक

आधे घंटे हुई थी बैठक

रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिसकर्मियों के पकड़े जाने पर BGB के वरिष्ठ अधिकारियों ने गुरुवार रात BSF से संपर्क किया, जिसके बाद दोनों पक्ष शुक्रवार को एक बैठक के लिए सहमत हुए थे।

फ्लैग मीटिंग में सुल्तानपुर बटालियन (60 BGB) के अंतर्गत शशिदल बॉर्डर आउटपोस्ट के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल के साथ पुलिस अधिकारी भी उपस्थित थे।

इस दौरान बोक्सानगर BSF के अधिकारी भी उपस्थित थे। लगभग 30 मिनट की चर्चा के बाद, BSF ने दोनों पुलिसकर्मियों को वापस किया।

ADVERTISEMENT