Page Loader
अमेरिका का राज्य कर रहा सिगरेट पीने के लिए कानूनी उम्र 100 साल करने पर विचार

अमेरिका का राज्य कर रहा सिगरेट पीने के लिए कानूनी उम्र 100 साल करने पर विचार

Feb 05, 2019
06:20 pm

क्या है खबर?

अगर सब कुछ सही रहा तो हो सकता है कि अमेरिका के राज्य हवाई में सिगरेट पीने के लिए लोगों को 100 साल की उम्र तक इंतजार करना पड़े। राज्य में एक बिल पेश हुआ है जिसमें 100 साल की उम्र से नीचे के किसी भी व्यक्ति को सिगरेट बेचने पर प्रतिबंध लगाने का प्रावधान है। बिल के मुताबिक 2024 तक राज्य में ये नियम लागू हो सकेगा। हवाई में पहले से ही सिगरेट बेचने पर कड़े नियम हैं।

बयान

'सिगरेट इंडस्ट्री ने लोगों को बनाया हुआ गुलाम'

इस बिल को डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रतिनिधि रिचर्ड क्रीएगन ने पेश किया है। रिचर्ड पेशे से डॉक्टर हैं। उनका मानना है कि प्रस्तावित बिल के अनुसार मानव इतिहास की सबसे विनाशक चीज (सिगरेट) पर प्रतिबंध लगाने के लिए बहुत कुछ किए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा, "हमारे पास एक ऐसा समूह है जो सिगरेट पीने का आदी है। मेरे विचार में सिगरेट इंडस्ट्री ने इन लोगों को गुलाम बनाया हुआ है।"

प्रस्ताव

2024 तक उम्र को 100 साल करने का प्रस्ताव

रिचर्ड ने अपने प्रस्ताव में अगले साल तक सिगरेट खरीदने के लिए कानूनी उम्र को 30 साल बढ़ाने की बात कही है। इसके बाद इसे 2021 तक 40 साल, 2022 तक 50 साल और 2023 तक 60 साल तक बढ़ाने का प्रस्ताव बिल में है। बिल में 2024 तक सिगरेट खरीदने की कानूनी उम्र को 100 साल करने का प्रस्ताव है। रिचर्ड का कहना है कि बिल किसी भी कानूनी अड़चन को पार करने में पूरी तरह सक्षम है।

सिगरेट

पढ़ाई के दिनों में खुद सिगरेट पीते थे रिचर्ड

अपनी मेडिकल की पढ़ाई के दिनों में खुद सिगरेट पीने वाले रिचर्ड का मानना है कि राज्य जनता के स्वास्थ्य की रक्षा करने के लिए बाध्य है। उन्होंने सिगरेट को किसी भी नशीली दवा या पदार्थ से ज्यादा खतरनाक बताया। अमेरिका में धूम्रपान से हर साल लगभग 5 लाख लोगों की मौत होती है। हवाई में अभी 21 साल से ऊपर का कोई भी व्यक्ति सिगरेट खरीद सकता है। राष्ट्रीय स्तर पर यह उम्र 18 या 19 साल है।