Page Loader
बांग्लादेश में अगले साल हो सकते हैं चुनाव, मोहम्मद यूनुस ने बताया
बांग्लादेश में अगले साल हो सकते हैं आम चुनाव

बांग्लादेश में अगले साल हो सकते हैं चुनाव, मोहम्मद यूनुस ने बताया

लेखन गजेंद्र
Dec 16, 2024
11:09 am

क्या है खबर?

बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने सोमवार को जानकारी दी कि देश में आम चुनाव 2025 के अंत या 2026 की शुरूआत में हो सकते हैं। उन्होंने बांग्लादेश की आजादी की 53वीं वर्षगांठ पर राज्य टेलीविजन पर एक प्रसारण में कहा कि चुनाव की तारीखें 2025 में नवंबर या दिसंबर या फिर 2026 की पहली छमाही तक तय की जा सकती हैं। इस दौरान उन्होंने चुनाव से पहले व्यवस्था में सुधार किए जाने पर जोर दिया।

चुनाव

आगे क्या बोले यूनुस?

84 वर्षीय यूनुस ने कहा कि अगर राजनीतिक दल न्यूनतम सुधारों, जैसे त्रुटिरहित मतदाता सूची, के साथ पहले चुनाव कराने पर सहमत हो जाएं, तो चुनाव नवंबर के अंत तक कराए जा सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि चुनाव सुधारों की पूरी सूची शामिल करने से चुनावों में कुछ महीनों की देरी हो सकती है। उनका ध्यान बांग्लादेश में निष्पक्ष चुनाव कराने में हैं। बता दें, मोहम्मद यूनुस अगस्त 2024 से सत्ता संभाल रहे हैं।

दबाव

अंतरिम सरकार पर है चुनाव कराने का दबाव

5 अगस्त, 2024 को बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार को छात्र आंदोलन के दौरान हुए विद्रोह में हटा दिया गया था और उनकी जगह नोबेल शांति पुरस्कार विजेता यूनुस को मुख्य सलाहकार बनाया गया। यूनुस बांग्लादेश में लोकतंत्र बहाली के लिए कड़ी चुनौती का सामना करते हुए अस्थायी सरकार चला रहे हैं। उनके ऊपर जल्द से जल्द चुनाव कराने का दबाव है। यूनुस ने कई सुधारों के लिए आयोगों का गठन भी किया है।