बांग्लादेश: कॉक्स बाजार के समुद्रतटीय रिसॉर्ट में भीषण आग से 10 लोगों की मौत, कई लापता
क्या है खबर?
बांग्लादेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कॉक्स बाजार जिला स्थित एक तीन मंजिला समुद्रतटीय रिसॉर्ट में शनिवार सुबह अचानक लगी भीषण आग से 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और 9 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बांस और लकड़ी से बनी यह खूबसूरत इमारत देखते ही देखते मलबे के ढेर में तब्दील हो गई। कई लोगों के अभी भी मलबे में दबे होने या लापता होने की आशंका है, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़ने का अनुमान है।
हादसा
कैसे हुआ यह हादसा?
यह हादसा शनिवार सुबह साढ़े 6 बजे कॉक्स बाजार में मरीन ड्राइव के पातुआरटेक बीच के पास स्थित टुपटुप रेस्टो एंड रिसॉर्ट में हुआ था।
इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत हो गई और 9 अन्य घायल हैं। इसी तरह 15 लोग मलबे में दबे हैं।
शुरुआती जांच में आग लगने की वजह रिसॉर्ट की मुख्य रसोई को माना जा रहा है। पुलिस घायलों का उपचार कराने के साथ हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
मंजर
हादसे के वक्त नींद में थे लोग
ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे के समय रिसॉर्ट में ठहरे अधिकांश पर्यटक सो रहे थे। उस समय इमारत के अंदर करीब 30 लोग मौजूद थे।
रिसॉर्ट मुख्य रूप से बांस और सूखी लकड़ी से बना हुआ था, जिसके कारण आग ने कुछ ही मिनटों में पूरी 3 मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया और किसी को संभलने का मौका नहीं मिला।
इस बीच केवल 4-5 लोग ही अपनी जान बचाकर बाहर निकलने में सफल रहे।
कार्रवाई
पुलिस ने अब तक निकाले 6 शव
कॉक्स बाजार के पुलिस उपायुक्त ए मन्नान के अनुसार, मलबे से 6 शवों को बाहर निकाला जा चुका है। आग के कारण शवों की स्थिति बेहद खराब है, इसलिए परिजनों को सौंपने से पहले सभी मृतकों के DNA सैंपल लिए जाएंगे ताकि पहचान सुनिश्चित हो सके।
फायर सर्विस के प्रवक्ता तल्हा बिन जासिम ने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए मलबे को हटाने का काम युद्धस्तर पर जारी है। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना है।