LOADING...
ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने भारतीय मूल के व्यक्ति को बुरी तरह पीटा, हालत गंभीर
ऑस्ट्रेलिया की पुलिस ने भारतीय मूल के व्यक्ति को बुरी तरह पीटा (प्रतीकात्मक तस्वीर: पिक्साबे)

ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने भारतीय मूल के व्यक्ति को बुरी तरह पीटा, हालत गंभीर

लेखन गजेंद्र
Jun 03, 2025
09:57 am

क्या है खबर?

ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड शहर में पुलिस की बेरहम मार ने एक भारतीय मूल के युवक को अस्पताल पहुंचा दिया है। वह जिंदगी और मौत से लड़ रहा है। पीड़ित की पहचान 42 वर्षीय भारतीय मूल के गौरव कुंदी के रूप में हुई है। वह रॉयल एडिलेड अस्पताल में वेंटिलेटर पर है। उनके परिवार का दावा है कि पुलिस ने एक मामले में गिरफ्तारी के दौरान उन्हें इतना पीटा कि उनके मस्तिष्क और गर्दन की नसें क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना

क्या है मामला?

गौरव की पत्नी अमृतपाल कौर ने बताया कि पेनहेम रोड पर वह और उनके पति तेज आवाज में बात कर रहे थे, तभी वहां से एक पुलिस गश्ती टीम निकली। पुलिस ने गलती से दंपति के बीच तेज आवाज में हो रही बहस को घरेलू हिंसा का मामला समझ लिया। इस दौरान गौरव ने कौर को धक्का भी दिया था। कौर ने बताया कि घटना के समय गौरव नशे में था और पुलिस को लगा, वह उनको पीट रहा है।

दावा

पुलिस ने गौरव का सिर कार से टकराया

कौर ने दावा किया कि साउथ ऑस्ट्रेलियन पुलिस ने विवाद को गंभीरता से लिया और गौरव का सिर कार से टकराया और फिर सड़क पर पटक दिया। पुलिस अधिकारी ने गौरव को घुटने से दबा दिया। कौर शुरू में इस घटना को अपने फोन पर रिकॉर्ड कर रही थीं, लेकिन जब बात बढ़ गई तो उन्होंने ऐसा करना बंद कर दिया। गौरव को अस्पताल ले गए तो डॉक्टरों ने बताया कि उसकी हालत गंभीर है।

जांच

पुलिस अधिकारियों को मिला समर्थन

कौर का कहना है कि उनके 2 बच्चे हैं। गौरव ने पुलिस की पिटाई के दौरान बात समझाने की कोशिश की थी, लेकिन उनकी नहीं सुनी गई। घटना पर दक्षिण ऑस्ट्रेलियाई पुलिस आयुक्त ग्रांट स्टीवंस ने पुलिस अधिकारियों का समर्थन किया है और उनके काम को सराहा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने बॉडी-वॉर्न कैमरे से फुटेज की समीक्षा की है और उनका मानना ​​है कि पुलिस ने अपने प्रशिक्षण के अनुसार काम किया। हालांकि, जांच जारी है।