Page Loader
नीलामी में 223 करोड़ रुपये में बिकी दुनिया की सबसे महँगी घड़ी, जानें

नीलामी में 223 करोड़ रुपये में बिकी दुनिया की सबसे महँगी घड़ी, जानें

Nov 14, 2019
03:20 pm

क्या है खबर?

कुछ लोग अपने पसंद की चीज के लिए कोई भी कीमत चुकाने को तैयार रहते हैं। नीलामी में ऐसे लोग अपने पसंद की चीज के लिए ऊँची बोली लगाकर उसे अपने नाम कर लेते हैं। आए दिन नीलामी में कई चीज़ें महँगी कीमत पर नीलाम होती हैं, लेकिन कोई घड़ी इतनी महँगी नीलाम हो सकती है, यह पहली बार हुआ है। दरअसल, एक चैरिटी नीलामी में एक घड़ी को 223 करोड़ रुपये में नीलाम किया गया है। आइए जानें।

नीलामी

नीलामी में मिले पैसे को किया जाएगा दान

जानकारी के अनुसार, स्विट्ज़रलैंड में पिछले दिनों हुई एक नीलामी में एक घड़ी 3.1 करोड़ स्विस फ़्रैंक (लगभग 223 करोड़) रुपये में बिकी। इसे अब तक दुनिया की सबसे महँगी घड़ी माना जा रहा है। आपको जानकर हैरानी होगी कि यह दुनिया की किसी भी रिस्टवॉच के लिए दी गई अब की की सबसे ज़्यादा कीमत है। हालाँकि, यह नीलामी एक चैरिटी के लिए की गई थी, इसलिए इसमें मिले पैसे को दान किया जाएगा।

जानकारी

केवल पाँच मिनट में नीलाम हुई घड़ी

ख़बरों के अनुसार, यह नीलामी शनिवार को जेनेवा के फोर सीजंस होटल डेस बर्गस में हुई थी। बता दें कि नीलामी में एक व्यक्ति ने फोन पर सबसे ज़्यादा बोली लगाकर इस घड़ी को केवल पाँच मिनट में अपने नाम कर लिया।

विशेषता

पाटेक फ़िलिप की है घड़ी

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 223 करोड़ रुपये में नीलाम हुई यह घड़ी पाटेक फ़िलिप कंपनी की है। इसका नाम ओनली वॉच है। नीलामी की शुरुआत में घड़ी के 25 लाख से 30 लाख स्विस फ़्रैंक (लगभग 18 करोड़ से 22 करोड़ रुपये) में बिकने की उम्मीद थी। जेनेवा में क्रिस्टी नीलामी घर के वॉच विभाग की प्रमुख सबीन कीगल ने कहा, "अन्य रिस्टवॉच के मुक़ाबले पाटेक फ़िलिप में 20 तरह के फीचर्स हैं।"

जानकारी

ये है घड़ी की ख़ासियत

उन्होंने आगे कहा, "यह कॉफ़ी बनाने को छोड़कर लगभग हर काम करती है। पाटेक फ़िलिप ग्रैंड चाइम 6300 A-010 घड़ी में चार डिजिटल ईयर डिस्प्ले, दो डायल, पाँच रिंगटोन हैं, जो इसे दूसरी घड़ियों से अलग बनाते हैं।"

अन्य मामला

114 करोड़ रुपये में नीलाम हुई थी रोलेक्स कॉस्मोग्राफ़ डेटोना घड़ी

बता दें कि इससे पहले रोलेक्स कॉस्मोग्राफ़ डेटोना घड़ी दुनिया की सबसे महँगी घड़ी थी, जिसे लगभग 114 करोड़ रुपये में नीलाम किया गया था। इस घड़ी के मालिक पॉल न्यूमैन थे। इसे बीसवीं सदी की सबसे ख़ास रिस्टवॉच बताया गया था। घड़ी की नीलामी 12 राउंड तक चली, अंत में एक व्यक्ति ने 114 करोड़ रुपये की बोली लगाकर इसे अपने नाम कर लिया था। बता दें कि रोलेक्स कॉस्मोग्राफ़ डेटोना घड़ियों को 1963 में लॉंच किया गया था।