इस जगह पर केवल महिलाओं के लिए खुला होटल, पुरुषों का जाना वर्जित
क्या है खबर?
अक्सर आप भी जब बाहर घूमने जाते होंगे, तो रात में रुकने के लिए किसी होटल का सहारा लेते होंगे।
लगभग सभी होटल आदमी और औरतों को एंट्री देते हैं, लेकिन आज हम आपको एक ऐसे होटल के बारे में बताने जा रहे हैं, जहाँ केवल महिलाओं को ही एंट्री दी जाती है।
जी हाँ, हाल ही में स्पेन में 'नो मेन अलाउड' पॉलिसी के साथ एक होटल खोला गया है, जिसमें पुरुषों का जाना वर्जित है।
आइए जानें।
नियम
केवल 14 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को प्रवेश
जानकारी के अनुसार, स्पेन के टूरिस्ट शहर मायोर्का में पहला महिला होटल खोला गया है। महिला विशेष इस होटल का नाम 'सोम डोना' है और इसमें केवल महिलाओं को ही एंट्री दी जाती है।
होटल में महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था भी की गई है। सोम डोना में 14 साल या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को ही एंट्री दी जाती है।
होटल में 39 वातानुकूलित कमरे, पूल, स्पा, लाइब्रेरी और रुफ टॉप टेरेस भी मौजूद है।
जानकारी
यह है होटल का उद्देश्य
इस फोर स्टार होटल का उद्देश्य यह है कि महिलाएँ अपनी रोज़मर्रा की ज़िंदगी के तनाव में कुछ फ़ुर्सत के पल बिता सकें। होटल की विशेष सुविधाओं का आनंद लेते हुए महिलाएँ बाहरी दुनिया से कुछ वक़्त के लिए पूरी तरह से दूर रह सकेंगी।
सेवाएँ
होटल में उपलब्ध हैं कई वेलनेस सर्विस
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि होटल में महिलाओं के आराम और सुकून के लिए कई वेलनेस सर्विस भी उपलब्ध हैं।
इस होटल में मसाज, वर्लपूल टब सहित कई और ट्रीटमेंट महिलाओं के लिए उपलब्ध हैं। इसके अलावा होटल में स्थानीय भोजन भी उपलब्ध होगा।
होटल की वेबसाइट के अनुसार, गेस्ट अगर चाहें तो वह टापू के आसपास की सांस्कृतिक गतिविधियों में भी हिस्सा ले सकते हैं। यह होटल का ख़ास आकर्षण है।
एंट्री
होटल में हर पहचान की महिलाओं का स्वागत
इस होटल में हर तरह की महिलाओं का स्वागत है, भले ही उनकी पहचान कुछ भी हो। इसके साथ ही होटल में 'नो मेन अलाउड' पॉलिसी का भी सख़्ती से पालन किया जाएगा।
होटल के प्रेसीडेंट जॉन एनरिक केपेला ने कहा, "कई सर्वे में यह बात सामने आई है कि महिला ग्राहक ऑल वूमन होटल के पक्ष में हैं। स्पेन की जेंडर पॉलिसी को ध्यान में रखते हुए होटल स्टाफ़ में भी महिलाओं को ही ख़ास तरजीह दी जाएगी।"
बयान
होटल के स्टाफ़ में महिलाओं को दी जाएगी प्राथमिकता
केपेला ने आगे कहा, "होटल के स्टाफ़ चयन में महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। हमारा उद्देश्य है कि जो ताक़त वाले कुछ पारंपरिक काम पुरुष करते हैं, वो काम महिलाएँ भी करती हुई नज़र आएँ। यह हमारी सोच है।"
कीमत
कमरों की कीमत 6,500 रुपये/रात से शुरू
जो भी महिलाएँ इस होटल में रुकना चाहती हैं, उन्हें बता दें कि होटल में 75 पाउंड (लगभग 6,500 रुपये) से एक रात के लिए कमरे मिलने शुरू हो जाते हैं।
आप इसके बारे में ज़्यादा जानकारी के लिए सोम डोना की आधिकारिक वेबसाइट www.somhotels.es/som-dona-destination भी देख सकते हैं।
बता दें कि सोम डोना स्पेन में अपनी तरह का पहला होटल है, लेकिन यह फिनलैंड में सुपरशी द्वीप जैसे वूमन ओनली रिट्रीट्स वाले प्रभावशाली लाइन-आप में शामिल होता है।
अध्ययन
अकेले ट्रिप पर जाने वाली महिलाओं की संख्या में हुई है वृद्धि
बदलते समय के साथ अकेले ट्रिप पर जानें वाली महिलाओं की संख्या में काफ़ी वृद्धि हुई है।
ट्रैवल से जुड़े कई अध्ययन में यह बात सामने आई है कि पुरुषों की तुलना में महिलाओं को अकेले यात्रा पर जाने से पहले कई दूसरी चीज़ों का भी ख़ास ध्यान देना पड़ता है।
अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, चीन सहित कई अन्य देशों की महिलाओं पर हुए सर्वे में 50% महिलाओं ने अगले कुछ वर्षों में अकेले ट्रिप पर जाने की इच्छा ज़ाहिर की।