Page Loader
मध्य प्रदेश: बच्ची पर हमला करने की वजह से थाने में हाज़िर हुआ मुर्गा

मध्य प्रदेश: बच्ची पर हमला करने की वजह से थाने में हाज़िर हुआ मुर्गा

Feb 04, 2019
07:01 pm

क्या है खबर?

कई ऐसे लोग हैं जो अपने पालतू जानवरों से बच्चों की तरह प्यार करते हैं। कई बार तो गलती करने पर वह उनके बचाव में भी उतर जाते हैं। हाल ही में मध्य प्रदेश की एक महिला उस समय रोने लगी, जब उसकी पड़ोसी ने उसके पालतू मुर्गे के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में पड़ोसी ने कहा है कि पिछले पाँच महीने से मुर्गा उसकी बच्ची पर हमला कर रहा है। आइए घटना के बारे में विस्तार से जानें।

मामला

मुर्गा कई बार कर चुका है बच्ची पर हमला

जानकारी के अनुसार शिवपुरी की रहने वाली राधिका कुशवाहा ने पुलिस स्टेशन में मुर्गे के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज करवाई कि उसकी पाँच साल की बेटी राधिका के गाल पर मुर्गा कई बार हमला कर चुका है। यह चौथी बार था जब मुर्गे ने राधिका को अपना शिकार बनाया था। इसकी वजह से उसके गाल से ख़ून भी निकलने लगा था। पूनम ने कहा कि वह अपनी बेटी के ऊपर अब एक और भी खरोंच नहीं देखना चाहती है।

मुर्गे की 'मां'

'मुझे जेल में डाल दो, लेकिन मेरे मुर्गे को बख्श दो'

इस घटना की जानकारी के बाद पुलिस ने मुर्गे के मालिक पप्पू जाटव और उसकी पत्नी लक्ष्मी को थाने बुलाया। चेतावनी देते हुए पुलिस अधिकारी ने कहा कि मुसीबत खड़ा करने वाले इस मुर्गे को रास्ते से हटा देना चाहिए। यह सुनते ही लक्ष्मी रोने लगी। उन्होंने कहा, "अगर आप चाहते हैं तो मुझे जेल में डाल दीजिए, लेकिन मेरे मुर्गे को मत मारिए।" दंपति ने ज़ोर देकर कहा कि उन्होंने मुर्गे को अपने बच्चे की तरह पाला है।

दलील

मुर्गे की जान बख्शने के साथ माँगा एक और मौक़ा

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पप्पू और उसकी पत्नी निःसंतान हैं। उन्होंने एक साल पहले इस मुर्गे को पाँच रुपए में ख़रीदा था। मुर्गे से उन्हें इतना प्रेम है कि उन्होंने पुलिस से कहा कि मुर्गे के बदले वो जेल जाना पसंद करेंगे। दंपति ने पूनम और उसकी बेटी से माफ़ी माँगते हुए मुर्गे की जान बख्शने के साथ ही एक और मौका माँगा। इस पूरे मामले में पुलिस ने कोई केस दर्ज नहीं किया है।

जानकारी

अगली बार नुक़सान पहुँचाने पर बेच देंगे मुर्गा

पुलिस ने चेतावनी देते हुए दंपति को घर जानें की इजाज़त दे दी। कांस्टेबल रचना राणा ने मीडिया को बताया कि दंपति ने पूनम से समझौता कर लिया। पप्पू ने वादा किया है कि अगर मुर्गा किसी को नुक़सान पहुँचाता है तो उसे बेच देंगे।