Page Loader
गर्लफ्रेंड से शादी करने के लिए उसके घर के बाहर धरने पर बैठा प्रेमी, किया अनशन

गर्लफ्रेंड से शादी करने के लिए उसके घर के बाहर धरने पर बैठा प्रेमी, किया अनशन

Jun 05, 2019
04:58 pm

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल को बहुत पहले से रैलियों, जुलूसों और धरनों के लिए जाना जाता है। अक्सर यहाँ राजनीतिक या सामाजिक गतिविधियों में लोगों तक अपनी आवाज़ पहुँचाने के लिए धरना किया जाता है। वहीं, अपना प्यार पाने के लिए शायद ही कभी कोई धरना या अनशन करता होगा, लेकिन हाल ही में बंगाल में ऐसा भी देखा गया। जी हाँ, एक लड़का अपनी गर्लफ्रेंड से शादी करने के लिए उसके घर के बाहर धरने पर बैठ गया। जानें पूरा मामला।

मामला

लड़की ने बात करना बंद किया तो लड़का हुआ परेशान

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि यह मामला पश्चिम बंगाल के धुपगुड़ी का है। वहाँ के रहने वाले अनंत बर्मन पिछले आठ सालों से लिपिका नाम की एक लड़की से प्यार करते थे, लेकिन कुछ दिन पहले ही लिपिका ने अनंत के साथ हर तरह से बात करना बंद कर दिया था। दरअसल, लिपिका ने ख़ुद को फोन, व्हाट्सऐप और अन्य सोशल मीडिया साइटों से दूर कर लिया था। इससे अनंत बहुत ज़्यादा परेशान हो गया।

जानकारी

लड़की की शादी कहीं और कर रहे थे घर वाले

जब अनंत ने मामले की जाँच की कि आख़िर लिपिका ने उससे अचानक से बात करना क्यों बंद कर दिया, तो पता चला कि लिपिका के परिवार वाले उसकी शादी कहीं और कर रहे हैं। इसके बाद उसने धरना करने की सोची।

समर्थन

लोगों ने किया धरने का समर्थन

जानकारी के अनुसार, लिपिका की जिससे शादी होने वाली थी, अनंत उस लड़के के घर जाने वाला था। जब अनंत को इस बात का अहसास हुआ कि उसके पास अपना प्यार पाने के लिए बहुत कम समय है, उसने लिपिका के घर के बाहर ही धरना शुरू कर दिया। धरने पर वह एक तख़्ती लेकर बैठा था, जिसपर लिखा था 'मेरे आठ साल वापस कर दो।' जल्द ही लोग इस धरने के पक्ष में आए और अनंत का समर्थन किया।

अनशन में बाधा

अनशन करने से अनंत को नहीं रोक पाई पुलिस

धरने के बीच में ही लिपिका से शादी करने वाले लड़के का परिवार भी मौके पर पहुँच गया। कुछ समय बाद पुलिस भी धरने वाली जगह पर पहुँच गई। हालाँकि, पुलिस अनंत को अपना प्यार वापस पाने के लिए अनशन करने से रोक नहीं पाई। जैसे-जैसे समय बीतता गया, अनंत की तबियत बिगड़ती गई। अनंत की तबियत इतनी ज़्यादा बिगड़ गई कि उसे अस्पताल ले जाना पड़ा। इलाज के बाद अनंत की हालत में सुधार हुआ।

प्यार

समर्पण देखकर लिपिका हुई अनंत से शादी के लिए तैयार

अनंत का प्यार के प्रति समर्पण देखकर आख़िरकार लिपिका उससे शादी करने के लिए सहमत हो गई। जबकि, स्थानीय लोगों के कहने के बाद उसके परिवार वाले भी इस शादी के लिए तैयार हो गए। इसके बाद लिपिका और अनंत की शादी सभी रस्मों के साथ एक स्थानीय मंदिर में हुई। अब अनंत और लिपिका के शादी की चर्चा जमकर सोशल मीडिया पर हो रही है।