Page Loader
मोरक्को: एक साथ 9 बच्चों को जन्म देकर महिला ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, सभी स्वस्थ
एक साथ नौ बच्चे पैदा करने से हलीमा सीसे का नाम गिनीज बुक में हुआ दर्ज

मोरक्को: एक साथ 9 बच्चों को जन्म देकर महिला ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, सभी स्वस्थ

लेखन गौसिया
Dec 22, 2022
02:45 pm

क्या है खबर?

पश्चिम अफ्रीकी देश माली की रहने वाली 26 वर्षीय हलीमा सीसे ने पिछले साल मोरक्को में नौ बच्चों को जन्म दिया था। अब एक साल बीत जाने के बाद हलीमा समेत सभी नौ बच्चे स्वस्थ हैं, जिसके बाद उनका नाम गिनीज बुक में दर्ज किया गया है। एक साथ नौ बच्चों का जन्म होने की वजह से बच्चों को खतरा था और ऐसी घटनाओं में बच्चे अक्सर जीवित नहीं रहते हैं।

पृष्ठभूमि

आधे से एक किलो था सभी बच्चों का वजन

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोरक्को के कैसाब्लांका में हलीमा ने 4 मई, 2021 को पांच लड़कियों और चार लड़कों समेत कुल नौ बच्चों को एक साथ जन्म दिया था। इस स्थिति को नॉनूप्लेट्स कहते हैं। हलीमा के सभी बच्चों का वजन आधे से एक किलोग्राम था, इसलिए उन्हें विशेष निगरानी कक्ष में रखा गया था। बता दें कि हलीमा की सिजेरियन डिलीवरी करने के लिए 10 डॉक्टर और 25 पैरामेडिक्स मौजूद रहे।

रिकॉर्ड

गिनीज ने सोशल मीडिया पर शेयर किया हलीमा और उनके परिवार का वीडियो

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर हलीमा और उनके परिवार का एक वडियो शेयर किया है। पोस्ट में लिखा है, 'महिला ने एक बार में नौ बच्चे को जन्म दिया है। सभी जीवित और स्वस्थ हैं। बच्चों के नाम हैं- ओउमउ, एडमा, हावास, काडीडिया, फटोउमा, एलहादजी, ओउमर, बाह और मोहम्मद। इससे पहले एक साथ नौ बच्चों के जन्म के कई घंटों बाद तक बच्चों के जीवित रहने का कोई मामला दर्ज नहीं था। यह बेहद दुर्लभ है।'

जानकारी

पहले गर्भ में सात बच्चे होने का लगाया गया था अनुमान

पोस्ट में आगे लिखा है कि डॉक्टरों को पहले लगा था कि हलीमा के गर्भ में सात बच्चे हैं, लेकिन सरकार ने जब उन्हें मोरक्को के स्पेशल क्लीनिक भेजा तो वहां दो और बच्चों का पता चला।

इंस्टाग्राम पोस्ट

यहां देखिए हलीमा के परिवार का खूबसूरत वीडियो

सम्मान

देश के लिए है सम्मान और गर्व की बात- स्वास्थ्य मंत्री

इससे पहले भी कई महिलाओं ने नॉनूप्लेट्स को जन्म दिया है, लेकिन उन मामलों में बच्चे जीवित नहीं रहे। हलीमा के मामले में बच्चे एक साल बाद भी पूरी तरह से स्वस्थ हैं। इस वजह से हलीमा का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किया गया है। मामले पर माली की स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह पहली बार है कि सभी नौ बच्चे जीवित और स्वस्थ्य हैं जो उनके लिए बड़े ही गर्व की बात है।