Page Loader
भारतीय व्यक्ति ने एक मिनट में माथे से तोड़े 273 अखरोट, बनाया विश्व रिकॉर्ड 
माथे से अखरोट तोड़ने वाले व्यक्ति नवीन कुमार

भारतीय व्यक्ति ने एक मिनट में माथे से तोड़े 273 अखरोट, बनाया विश्व रिकॉर्ड 

लेखन गौसिया
Aug 05, 2023
11:26 am

क्या है खबर?

विश्व रिकॉर्ड कोई भी हो, उसे हासिल करना कोई छोटी उपलब्धि नहीं है। कुछ लोग इसके लिए कुछ भी कर गुजरने के लिए तैयार रहते हैं। इसी कड़ी में 27 वर्षीय नवीन कुमार ने एक मिनट में अपने माथे से सबसे ज्यादा अखरोट तोड़कर गिनीज बुक में अपना नाम दर्ज करवा लिया है। उन्होंने बगैर हाथ लगाए अपने माथे से एक मिनट में कुल 273 अखरोट तोड़े हैं, जो विचित्र बात है। आइये इसके बारे में विस्तार से जानते हैं।

जानकारी

नवीन ने तोड़ा सीरियल रिकॉर्ड-ब्रेकर का पिछला रिकॉर्ड

नवीन ने औसतन एक सेकंड में 4.5 अखरोट तोड़ते हुए एक मिनट में कुल 273 अखरोट तोड़े। ऐसा करके उन्होंने सीरियल रिकॉर्ड-ब्रेकर मोहम्मद राशिद का पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया है। राशिद ने 2018 में 254 अखरोट तोड़कर यह रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज किया था।

रिकॉर्ड

दोनों ने की रिकॉर्ड पर स्वामित्व के लिए संघर्ष

नवीन और राशिद सालों से इस रिकॉर्ड पर स्वामित्व के लिए संघर्ष करते आए हैं। राशिद ने पहली बार 2014 में कुल 150 अखरोट तोड़े थे, फिर 2016 में 181 अखरोट तोड़कर अपना ही पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया था। इसके बाद 2017 में नवीन ने पहली बार इस रिकॉर्ड में हिस्सा लिया और उस दौरान उन्होंने 217 अखरोट तोड़े थे। इसके एक साल बाद नवीन और राशिद का आमने-सामने मुकाबला हुआ, जिसमें राशिद ने 254 अखरोट तोड़कर जीत हासिल की।

उपलब्धि

नई उपलब्धि से काफी खुश हैं नवीन

राशिद की जीत के 5 साल बाद अब नवीन अपना खून और पसीना एक करके दुनिया के सबसे अच्छे नटक्रैकर बन गए हैं। वह इस उपलब्धि से काफी खुश हैं। उन्होंने गिनीज अधिकारियों से बताया, "अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए मैंने एक बार फिर से रिकॉर्ड तोड़ दिया है।" बता दें कि नवीन को शुरू से प्रभाकर रेड्डी द्वारा प्रशिक्षित किया गया था। रेड्डी के पास भी कई मार्शल आर्ट रिकॉर्ड हैं।

जानकारी

नवीन द्वारा तोड़े गए सभी अखरोट किए गए दान 

नवीन द्वारा तोड़े गए सभी अखरोट इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस को दान कर दिए गए हैं। बता दें कि इस रिकॉर्ड को आजमाते समय कच्चे अखरोट का इस्तेमाल किया जाता है। उन्हें एक मेज पर लाइन से रखा जाता है और बगैर हाथ लगाए अपने सिर से एक समय में केवल एक अखरोट ही तोड़ा जा सकता है। इस दौरान अखरोट के छिलके कम से कम दो टुकड़ों में पूरी तरह से टूटे होने चाहिए।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए नवीन का वीडियो