
गूगल अर्थ की मदद से सुलझा 22 साल से लापता व्यक्ति का रहस्य
क्या है खबर?
नवंबर, 1997 में एक रात ड्रिंक करने के बाद फ़्लोरिडा निवासी विलियम अर्ल पृथ्वी से गायब हो गए। धीरे-धीरे लोग अर्ल को भूल चुके थे, लेकिन अचानक ही एक रैंडम गूगल सर्च ने 22 साल से लापता व्यक्ति के रहस्य को सुलझा दिया है। कथित तौर पर अर्ल इतने वर्षों से फ़्लोरिडा के वेलिंगटन में एक डेवलपमेंट हाउसिंग में एक तालाब के नीचे आराम कर रहे थे। आइए इस घटना के बारे में विस्तार से जानें।
मामला
घटना वाली रात 11 बजे अर्ल क्लब से निकलकर अपने घर जा रहा था
पेशे से मॉर्गिज ब्रोकर अर्ल (40), 07 नवंबर, 1997 को लापता हो गए थे। उनके बारे में आख़िरी बार लगभग 09:30 बजे सुना गया था, जब उन्होंने अपनी प्रेमिका को फोन पर बताया था कि वो अपने घर लांटाना जा रहे हैं। नेशनल मिसिंग एंड अनआइडेंटीफ़ाइड पर्सन्स सिस्टम के अनुसार, अर्ल ने कई ड्रिंक के बाद रात 11 बजे क्लब छोड़ दिया था। वहीं, गवाहों के अनुसार, उन्हें देखकर ऐसा नहीं लग रहा था कि वो नशे में थे।
ख़ुलासा
वेलिंगटन निवासी को अपने घर के पीछे धंसी हुई कार के बारे में फोन आया
घटना के इतने सालों बाद अचानक से वेलिंगटन के ग्रैंड आइल्स के निवासी बैरी फे को 28 अगस्त को उनके पड़ोसी का फोन आया, जिसने कहा कि उनके पूर्व पति ने गूगल अर्थ पर फे के घर के पीछे एक कार देखी है। फे वहाँ गए, लेकिन उन्हें वहाँ कुछ भी दिखाई नहीं दिया। इसके बाद पड़ोसी के ड्रोन ने पुष्टि की कि वास्तव में एक कार पानी के नीचे स्थित है। इसके बाद फे ने पुलिस को फोन किया।
टेस्ट
वाहन को निकालने पर अंदर पाए गए कंकाल के अवशेष
पाम बीच काउंटी शेरिफ कार्यालय ने गुरुवार को कहा, "डेप्युटीज़ ने पुष्टि की कि तालाब में एक वाहन था।" बयान में कहा गया है, "काफ़ी समय तक पानी में रहने की वजह से वाहन का बाहरी हिस्सा गल गया था। वाहन से कंकाल हटाने के बाद भी कार में पानी पाया गया।" 10 सितंबर को एक मेडिकल टेस्ट किया गया, जिसमें इस बात की पुष्टि हो गई कि ये अवशेष किसी और के नहीं बल्कि अर्ल के ही थे।
अन्य जानकारी
2007 के बाद से वाहन गूगल अर्थ पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था
इसके अलावा, चार्ली प्रोजेक्ट ठंडे पड़ गए मामलों के एक अमेरिकी ऑनलाइन डाटाबेस के अनुसार, जब अर्ल गायब हुए थे, तब ग्रैंड आइल्स हाउसिंग सोसायटी उस समय के आसपास निर्माणाधीन थी। चार्ली प्रोजेक्ट ने कहा, "आश्चर्यजनक रूप से, एक वाहन 2007 के बाद से इस क्षेत्र के गूगल अर्थ उपग्रह पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा था। लेकिन ज़ाहिर तौर पर किसी ने भी इस पर ध्यान नहीं दिया।"
बयान
मैंने कभी नहीं माना कि वहाँ एक 22 वर्षीय शव होगा: फे
पाम बीच पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, ग्रैंड आइल्स के फे को भी इस बारे में झटका लगा, क्योंकि उन्होंने शुरू में सोचा था कि यह केवल एक पुरानी कबाड़ कार है। उन्होंने कहा, "मैंने कभी नहीं माना कि वहाँ एक 22 वर्षीय शव होगा।"