Page Loader
चीन के हार्बिन पार्क ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, जीता सबसे बड़े अस्थायी 'बर्फीले पार्क' का खिताब
दुनिया का सबसे बड़ा अस्थायी बर्फीला पार्क

चीन के हार्बिन पार्क ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, जीता सबसे बड़े अस्थायी 'बर्फीले पार्क' का खिताब

लेखन गौसिया
Jan 09, 2024
11:29 am

क्या है खबर?

चीन में आइस-स्नो वर्ल्ड नामक अस्थायी बर्फ थीम वाला पार्क है। इस पार्क में हर सर्दियों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। इस साल भी यह पार्क बनाया गया है, लेकिन पहले की तुलना में इस बार यह बहुत खास है क्योंकि इस साल बर्फ थीम वाला पार्क 87,90,697 वर्ग फुट के क्षेत्र में मापा गया है। इससे इस पार्क का नाम दुनिया में सबसे बड़े थीम पार्क के रूप गिनीज बुक में शामिल किया गया है।

रिकॉर्ड

क्या है रिकॉर्ड?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आइस-स्नो पार्क हेइलोंगजियांग के हार्बिन में स्थित है। पार्क के इस साल के संस्करण को गिनीज विश्व रिकॉर्ड द्वारा 87,90,697 वर्ग फुट के क्षेत्र को कवर करने के रूप में सत्यापित किया गया है। इससे यह दुनिया का सबसे बड़ा अस्थायी थीम पार्क बन गया है। इसके लिए गिनीज अधिकारियों ने 5 जनवरी, 2024 को हार्बिन में चाइना आइस एंड स्नो टूरिज्म डेवलपमेंट फोरम 2024 में अधिकारियों को प्रमाण-पत्र दिया है।

समय

थीम पार्क को बनाने में कितना समय लगा?

जानकारी के मुताबिक, बर्फ थीम वाला यह पार्क इतना बड़ा है कि इसे पूरा बनाने में 10,000 से ज्यादा लोगों की एक टीम को 1 महीने से ज्यादा का समय लगा था। यह पार्क बहुत खूबसूरती के साथ बनाया गया है और इसके अंदर 2,000 से ज्यादा बर्फ की मूर्तियां भी मौजूद हैं। इसके अलावा यहां पर बर्फ पर करने वाली कई गतिविधियों का भी आयोजन किया जाता है।

पर्यटक

इस साल लाखों की संख्या में लोग आए घूमने 

इस पार्क की खूबसूरती देश और दुनियाभर के पर्यटकों को आकर्षित करती है। हर साल लोग छुट्टियां मनाने के लिए यहां आते हैं। हालांकि, इस साल यह आयोजन अपने ही उपस्थिति रिकॉर्ड को तोड़ रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार नए साल की 3 दिवसीय छुट्टियों के दौरान ही हार्बिन में लगभग 30 लाख लोग घूमने आए। इससे देश में करीब 6,864 करोड़ रुपये पर्यटन आय उत्पन्न हुई।

जानकारी 

पर्यटन विभाग ने हार्बिन की बढ़ती लोकप्रियता को दिया श्रेय

हार्बिन डेली समाचार पत्र के मुताबिक, छुट्टियों के दौरान शहर के आवास और खान-पान क्षेत्रों में वृद्धि 2019 से दोगुनी से भी ज्यादा हुई है। ऐसे में शहर के पर्यटन विभाग ने इस वृद्धि का श्रेय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हार्बिन की बढ़ती लोकप्रियता को दी है। बता दें कि अधिकारियों ने पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए थीम पार्क के साथ-साथ लाइव प्रदर्शन, संगीत कार्यक्रम, आतिशबाजी प्रदर्शन, भोजन, आवास और खरीदारी सेवाओं में सुधार सहित कई गतिविधियां की हैं।