Loading...
तलाक से टूटे युजवेंद्र चहल को लगी थी शराब की लत, 26 दिन रहे रिहैब में
युजवेंद्र चहल अभी भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं (फाइल तस्वीर)

तलाक से टूटे युजवेंद्र चहल को लगी थी शराब की लत, 26 दिन रहे रिहैब में

Oct 16, 2026
03:15 pm

क्या है खबर?

भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल ने पूर्व भारतीय खिलाड़ी आकाश चोपड़ा के साथ एक इंटरव्यू में शराब की लत और घबराहट के दौरों से अपने संघर्ष के बारे में खुलकर बात की है। चहल ने तलाक के बाद अपनी निजी जिंदगी को लेकर सोशल मीडिया पर हुई चर्चाओं के बारे में भी बात की है। आकाश ने चहल से ये भी पूछा कि उन्होंने शराब पीना छोड़ने का फैसला क्यों किया?

बयान

चहल ने क्या कहा?

चहल ने कहा, "ज्यादा हो गया था। मैंने हद पार कर दी थी। मैं रिहैब सेंटर गया जहां 26 दिन तक रहा। अब मुझे पता है कि शराब पीने को कैसे संभालना है, क्या करना है और चीजें कैसे काम करती हैं। अपनी निजी जिंदगी में भी मैं चीजों को ज्यादा परिपक्वता से समझने लगा। मेरी भावनाएं भी थोड़ी शांत हुई हैं। भावनाएं अब भी हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होता कि हर छोटी-छोटी बात पर वे बाहर आ जाएं।"

बेहतर

मैं पहले से बेहतर महसूस कर रहा हूं- चहल 

चहल ने आगे कहा, "अब मैं इसे बेहतर तरीके से संभाल सकता हूं। पिछले साल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के दौरान मेरा शरीर ऐसा महसूस कर रहा था जैसे मैं फिर से 30 साल का हो गया हूं। मैं जिम में सही तरीके से अभ्यास कर रहा हूं, फील्डिंग की प्रैक्टिस कर रहा हूं और ट्रेनिंग कर रहा हूं। मुझे एहसास हुआ कि जैसे ही यह बुरी आदत मेरी जिंदगी से दूर हुई सब कुछ सही होने लगा।"

ADVERTISEMENT

बोले

कम उम्र में ही शराब से जुड़ी समस्याएं शुरू हो गईं 

चहल ने कहा कि शराब से जुड़ी समस्याएं कम उम्र में ही शुरू हुई।

उन्होंने कहा, "शुरुआत में हम पार्टियों में ऐसा किया करते थे। हम युवा थे और जोश से भरे थे। 2011 से IPL में हमने लगातार 3 साल खूब पार्टियां कीं। वह एक दौर था, लेकिन जब तक आप पढ़ते नहीं हैं और चीजों के बारे में सीखते नहीं हैं तब तक आपको एहसास नहीं होता कि किसी भी चीज की अति नुकसानदायक होती है।

ADVERTISEMENT

शराब

एबी डिविलियर्स ने चहल को संतुलन बनाने के लिए कहा 

चहल ने आगे कहा, "एबी डिविलियर्स सर ने एक बार मुझसे कहा था कि आप जिंदगी में कुछ भी करें, संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। यह सुनने में बहुत आसान शब्द लगता है, लेकिन जब आप वास्तव में इसे अपनी जिंदगी में अपनाने की कोशिश करते हैं तो हर चीज के बीच संतुलन बनाकर रखना बेहद मुश्किल होता है। उन्होंने कहा था कि अगर आप थोड़ा-बहुत भी संतुलन बना पाते हैं तो वह भी बेहतर है।

तलाक

तलाक के बाद ज्यादा परेशानी हुई- चहल

चहल ने कहा, "जब चीजें हद से ज्यादा बढ़ गईं तब मेरी मानसिक स्थिति अच्छी नहीं थी। यह तलाक के बाद की बात है। ऐसे में मैं अपनी हद पार कर गया। मुझे एहसास हुआ कि अगर मैं ऐसा ही करता रहा तो जिस चीज से मैं सबसे ज्यादा प्यार करता हूं, जिसकी बदौलत आज इस मुकाम तक पहुंचा हूं यानी मेरा क्रिकेट, वह कभी नहीं टिक पाएगा। मुझे लगने लगा था कि इसका असर क्रिकेट पर पड़ रहा है।"

ADVERTISEMENT