LOADING...
RR बनाम RCB: युजवेंद्र चहल राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने
युजवेंद्र चहल ने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है (तस्वीर: एक्स/@IPL)

RR बनाम RCB: युजवेंद्र चहल राजस्थान रॉयल्स के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने

May 22, 2024
09:30 pm

क्या है खबर?

राजस्थान रॉयल्स (RR) के स्टार स्पिन गेंदबाज युजवेंद्र चहल ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगुलरु (RCB) के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। वह RR के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने विराट कोहली को आउट कर यह रिकॉर्ड अपने नाम किया। चहल सिद्धार्थ त्रिवेदी को पछाड़कर पहले स्थान पर आए हैं। ऐसे में आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

रिकॉर्ड

चहल ने त्रिवेदी को छोड़ा पीछे 

RR के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड इससे पहले त्रिवेदी के पास था। वह साल 2008 से 2013 तक RR की टीम का हिस्सा थे। उन्होंने 76 मुकाबलों में 65 विकेट अपने नाम किए थे। उनकी औसत 29.29 की रही थी। चहल ने RR के लिए 45वां मुकाबला खेलते हुए यह रिकॉर्ड तोड़ा है। उनके अब 66 विकेट हो गए हैं। इस दौरान उन्होंने 1 बार 5 विकेट हॉल और 4 बार 4 विकेट हॉल लिए हैं।

पर्पल कैप

2022 में जीता था पर्पल कैप 

IPL 2022 में चहल ने 17 मैचों में 19.52 की औसत और 7.75 की इकॉनमी रेट के साथ 27 विकेट चटकाए थे। उस सीजन में उन्हें पर्पल कैप मिली थी। वह इमरान ताहिर के बाद IPL के एक सीजन में सर्वाधिक विकेट लेने वाले सिर्फ दूसरे लेग स्पिनर बने थे। बता दें कि ताहिर ने IPL 2019 में सर्वाधिक 26 विकेट लिए थे। चहल IPL के 5 सीजन में 20 से अधिक विकेट ले चुके हैं।

IPL 

IPL 2024 में कैसा रहा है चहल का प्रदर्शन?

चहल IPL के इतिहास में एकमात्र गेंदबाज हैं, जिन्होंने 2 अलग-अलग फ्रेंचाइजी के लिए लिए सबसे ज्यादा विकेट लिए हैं। RCB के लिए इस खिलाड़ी ने 132 विकेट झटके थे। IPL 2024 में चहल ने 14 मैच खेले हैं और इसकी 14 पारियों में 28.44 की औसत और 9.48 की इकॉनमी रेट से 18 विकेट अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/11 का रहा है। वह इस सीजन भी RR के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।

RCB

RCB के लिए कैसा रहा है चहल का प्रदर्शन?

चहल ने 2014 से 2021 तक RCB का प्रतिनिधित्व करते हुए 113 मैच खेले, जिसमें 22.03 की औसत और 7.58 की इकॉनमी रेट के साथ सर्वाधिक 139 विकेट चटकाए। इस बीच उन्होंने 2 मैचों में 4-4 विकेट लिए। उनके अलावा कोई अन्य गेंदबाज RCB की टीम से 100 विकेटों का आंकड़ा भी नहीं छू सका है। हर्षल पटेल ने RCB से खेलते हुए 99 विकेट चटकाए हैं, जो कि इस टीम से दूसरे सर्वाधिक हैं।

करियर

IPL में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं चहल 

चहल IPL के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने अपना पहला मुकाबला साल 2013 में खेला था। 159 मुकाबलों में इस खिलाड़ी ने 22.28 की औसत और 7.83 की इकॉनमी रेट से 205 विकेट झटके हैं। उन्होंने 6 बार 4 विकेट हॉल और 1 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 5/40 का रहा है। वह इस लीग में RR से पहले मुंबई इंडियंस (MI) और RCB से भी खेल चुके हैं।