LOADING...
WPL 2025: UPW ने RCB को हराते हुए दर्ज की अपनी तीसरी जीत, ये बने रिकॉर्ड्स 
यूपी को शानदार जीत मिली (तस्वीर: एक्स/@wplt20)

WPL 2025: UPW ने RCB को हराते हुए दर्ज की अपनी तीसरी जीत, ये बने रिकॉर्ड्स 

Mar 08, 2025
11:14 pm

क्या है खबर?

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2025 के 18वें मैच में यूपी वारियर्स (UPW) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 12 रन से हराते हुए सीजन में अपनी तीसरी जीत दर्ज की। इकाना स्टेडियम में हुए मैच में UPW ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 225/5 का पहाड़ जैसा स्कोर बना दिया था। जॉर्जिया वोल ने 99 रन की शानदार पारी खेली। जवाब में RCB की टीम 19.3 ओवर में 213 रन ही बना पाई। मैच में बने रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा

मैच का लेखा-जोखा 

RCB ने मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उनका यह फैसला गलत साबित हुआ। UPW के लिए ग्रेस हैरिस (39), वोल (99) और किरण नवगिरे (46) ने शानदार पारी खेली। RCB के लिए कोई भी गेंदबाज अच्छा नहीं कर पाया। जॉर्जिया वेयरहैम ने सबसे ज्यादा 2 विकेट तो लिए। जवाब में RCB के लिए सबसे बड़ी पारी ऋचा घोष (69) ने खेली। UPW के लिए दीप्ति शर्मा और सोफी एक्लेस्टोन ने 3-3 विकेट लिए।

पारी

जॉर्जिया वोल ने खेली 99* रन की शानदार पारी 

वोल ने 56 गेंदों का सामना किया और नाबाद 99 रन बनाए। उनके बल्ले से 17 चौके और 1 छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 176.79 की रही। वोल ने पहले विकेट के लिए हैरिस के साथ 43 गेंदों में 77 रन की साझेदारी निभाई। इसके बाद किरण नवगिरे के साथ उन्होंने सिर्फ 31 गेंदों में 71 रन जोड़ दिए। नवगिरे ने सिर्फ 16 गेंद में 46 रन बनाए। हैरिस ने 22 गेंदों में 39 रन की पारी खेली।

बड़ी

WPL इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर 

वोल ने WPL इतिहास का संयुक्त रूप से सबसे बड़ा स्कोर बनाया। उन्होंने सोफी डिवाइन की बराबरी की। डिवाइन ने गुजरात जायंट्स (GG) के खिलाफ 99 रन की पारी खेली थी। उन्होंने 36 गेंदों का सामना किया था और अपनी पारी में 9 चौके और 8 छक्के लगाए थे। उनकी स्ट्राइक रेट 275 की थी। एलिसा हीली और बेथ मूनी ने टूर्नामेंट में 96*-96* रन की पारियां खेली हैं। हरमनप्रीत कौर ने GG के खिलाफ 95* रन बनाए थे।

विकेटकीपर

ऋचा की पारी पर एक नजर 

ऋचा ने 33 गेंदों का सामना किया और 69 रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके और 5 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 209 की रही। यह उनके WPL करियर का चौथा और इस सीजन का दूसरा अर्धशतक रहा। सीजन के पहले मैच में इस खिलाड़ी ने सिर्फ 27 गेंदों में 64* रन जड़े थे। उनके बल्ले से 7 चौके और 4 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 237.03 की रही थी।

अंक तालिका

अंक तालिका पर एक नजर 

यह WPL 2025 में UPW की 8 मैचों के बाद तीसरी जीत है। वह अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है। RCB की टीम 4 अंकों के साथ आखिरी स्थान पर पहुंच गई है। अब टीम को प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने में मुश्किल होगी। वहीं, मुंबई इंडियंस (MI) 6 मैच में 4 जीत के साथ तीसरे स्थान पर है। DC 10 अंको के साथ शीर्ष पर है और पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी है।