Page Loader
WPL 2024: मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 4 विकेट से हराया, ये बने रिकॉर्ड्स
हरमनप्रीत कौर ने खेली शानदार अर्धशतकीय पारी (तस्वीर: एक्स/@wplt20)

WPL 2024: मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 4 विकेट से हराया, ये बने रिकॉर्ड्स

Feb 23, 2024
11:26 pm

क्या है खबर?

विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2024 के पहले मैच में शुक्रवार को मुंबई इंडियंस (MI) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 4 विकेट से हरा दिया है। बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए एलिस कैप्सी के अर्धशतक (75) की मदद से 20 ओवर में 171/5 का स्कोर बनाया। जवाब में मुंबई की टीम ने ऑलराउंडर सजीवन सजना द्वारा आखिरी गेंद पर जड़े छक्के की मदद से 4 विकेट से जीत हासिल कर ली।

लेखा-जोखा

ऐसा रहा रोमांचक मुकाबला

टॉस हारकर पहले बल्लेबजी करते हुए दिल्ली ने कैप्सी के अलावा जेमिमा रोड्रिग्स (42) और मैग लैनिंग (31) की पारियों के दम पर 171/5 का स्कोर खड़ा किया। मुंबई से नेट साइवर-ब्रंट और अमेलिया केर ने 2-2 विकेट लिए। जवाब में मुंबई की शुरुआत खराब रही और हैली मैथ्यूज (0) पवेलियन लौट गई। उसके बाद यास्तिका भाटिया (57) और कप्तान हरमनप्रीत कौर (55) ने टीम को मैच में बनाए रखा। सजना ने आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर जीत दिला दी।

रोमांच

ऐसा रहा आखिरी ओवर का रोमांच

मुंबई को आखिरी ओवर में जीत के लिए 12 रन की दरकार थी। कैप्सी ने पहली गेंद पर पूजा वस्त्राकर (1) को कैच आउट करा दिया। दूसरी गेंद पर अमनजौत कौर ने 2 और तीसरी गेंद पर 1 रन ले लिया। इसके बाद चौथी गेंद पर हरमनप्रीत ने चौका जड़ दिया, जबकि 5वीं गेंद पर वह कैच आउट हो गई। आखिरी गेंद पर 5 रनों की जरूरत थी और सजना ने क्रीज पर आते ही छक्का जड़कर जीत दिला दी।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें आखिरी गेंद पर पड़े छक्के का वीडियो

बल्लेबाजी

भाटिया ने भी जड़ा पहला अर्धशतक

लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई की बल्लेबाज यास्तिका ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक (54) जड़ा। यह उनका इस लीग में पहला ही अर्धशतक रहा। उन्होंने नेट साइवर-ब्रंट (19) के साथ दूसरे विकेट के लिए 50 और कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ तीसरे विकेट के लिए 45 गेंद में 57 रन जोड़े। वह 45 गेंद में 8 चौके और 2 छक्कों की मदद से 57 रन बनाकर आउट हुई। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 126.67 की रही।

पारी

हरमनप्रीत ने जड़ा मैच जिताऊ अर्धशतक

मुंबई के लिए कप्तान हरमनप्रीत ने मैच जिताऊ अर्धशतक (55) जड़ा। एक समय मुंबई यास्तिका के आउट होने के बाद जीत के लिए संघर्ष कर रही थी, लेकिन उसके बाद हरमनप्रीत ने कप्तानी पारी खेलते हुए न केवल अर्धशतक जड़ा, बल्कि टीम को मैच में भी बनाए रखा। यह उनका इस लीग में चौथा अर्धशतक रहा। वह 34 गेंदों में 161.76 की स्ट्राइक रेट से 55 रन बनाकर नाबाद रही। इस दौरान उन्होंने 7 चाैके और 1 छक्का जड़ा।

अर्धशतक

कैप्सी ने जड़ा पहला अर्धशतक

दिल्ली की ओर से कैप्सी ने शानदार पारी खेलते हुए लीग में अपना पहला अर्धशतक जड़ा। वह 53 गेंद में 75 रन बनाकर आउट हुई। इस दौरान उन्होंने 9 चौके और 3 छक्के भी जड़े। उन्होंने कप्तान लैनिंग (31) के साथ पारी को आगे बढ़ाया और दूसरे विकेट के लिए 64 रन की अहम साझेदारी निभाई। इसके बाद उन्होंने रोड्रिग्स (42) के साथ तीसरे विकेट के लिए 74 रन की अहम साझेदारी भी निभाई।

परेशानी

अर्धशतक नहीं बना सकी रोड्रिग्स

दिल्ली की ओर से रोड्रिग्स ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और मैदान के चारों ओर शॉट खेले। उन्होंने सभी गेंदबाजों को अपना निशाना बनाया और तेजी से रन बनाना जारी रखा। हालांकि, वह तेजी से रन बनाने के प्रयास में अपना पहला अर्धशतक पूरा करने से चूक गई। अच्छी बल्लेबाजी कर रही रोड्रिग्स 24 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्के की मदद से 42 रन बनाकर साइवर-ब्रंट का शिकार बनीं।