Page Loader
WPL: सोफी एक्लेस्टोन ने लिए 3 विकेट, लीग की संयुक्त रूप से सबसे सफल गेंदबाज बनीं
सोफी एक्लेस्टोन (12) के WPL 2023 में संयुक्त रूप से सबसे अधिक विकेट हो गए हैं (तस्वीर: ट्विटर/@Sophecc19)

WPL: सोफी एक्लेस्टोन ने लिए 3 विकेट, लीग की संयुक्त रूप से सबसे सफल गेंदबाज बनीं

Mar 18, 2023
05:44 pm

क्या है खबर?

इंग्लिश ऑलराउंडर सोफी एक्लेस्टोन ने मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के 15वें मुकाबले में शनिवार को शानदार प्रदर्शन किया। इस मुकाबले में उन्होंने मुंबई के 3 बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। WPL 2023 में ये उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी रहा। एक्लेस्टोन ने अहम मौके पर टीम के लिए दमदार प्रदर्शन करते हुए विरोधियों को सीमित स्कोर पर रोकने में अहम भूमिका निभाई। आइए एक्लेस्टोन के प्रदर्शन और आंकड़ों के बारे में जानते हैं।

रिपोर्ट

ऐसा रहा एक्लेस्टोन का प्रदर्शन 

मुंबई जैसी मजबूत टीम के खिलाफ एक्लेस्टोन ने न केवल लगातार विकेट निकाले, बल्कि विपक्षी बल्लेबाजों को एक-एक रन बनाने के लिए भी तरसा दिया। उन्होंने मैच में 3.80 की बेहद किफायती इकॉनमी रेट से गेंदबाजी की। उन्होंने 4 ओवर में मात्र 15 रन खर्च करते हुए हेली मैथ्यूज (35), नेट साइवर ब्रंट (5) और अमनजोत कौर (5) के विकेट लिए। इस मैच में एक्लेस्टोन के अलावा उनकी साथी गेंदबाज दीप्ति शर्मा और राजेश्वरी गायकवाड़ ने 2-2 विकेट लिए।

रिपोर्ट

WPL 2023 की संयुक्त रूप से सबसे सफल गेंदबाज बनीं एक्लेस्टोन 

इस अहम मुकाबले में दमदार प्रदर्शन करने के साथ ही एक्लेस्टोन WPL 2023 में संयुक्त रूप से सबसे अधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज भी बन गई हैं। इस खिलाड़ी के 6 मैचों में 12.00 की औसत और 6.12 की इकॉनमी रेट से 12 विकेट हो गए हैं। इस मामले में उनके साथ संयुक्त रूप से मुंबई की साइका इशाक हैं। उन्होंने अब तक 6 मैचों में 8.58 की औसत और 5.66 की इकॉनमी से 12 विकेट लिए हैं।

रिपोर्ट

ऐसा रहा है एक्लेस्टोन का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर 

जुलाई, 2016 में पाकिस्तान के खिलाफ डेब्यू करने वाली एक्लेस्टोन ने अब तक 70 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। उन्होंने 15.23 की गेंदबाजी औसत और 5.76 की इकॉनमी रेट से 97 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 18 रन देकर 4 विकेट रहा है। 28 साल की एक्लेस्टोन ने 26 पारियों में 17.17 की बल्लेबाजी औसत और 118.00 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 177 रन भी बनाए हैं।