Page Loader
महिला टी-20 विश्व कप 2023: इंग्लैंड की टीम, शेड्यूल और अन्य सभी अहम जानकारी 
अब तक एक खिताब ही जीत सकी है इंग्लिश टीम (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

महिला टी-20 विश्व कप 2023: इंग्लैंड की टीम, शेड्यूल और अन्य सभी अहम जानकारी 

Feb 06, 2023
11:43 pm

क्या है खबर?

महिला टी-20 विश्व कप 2023 की शुरुआत 10 फरवरी से दक्षिण अफ्रीका में होनी है, जिसमें इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत 11 फरवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले से करेगी। इंग्लिश टीम इस समय टी-20 रैंकिंग में दूसरे स्थान पर है और इस बार खिताब की प्रबल दावेदार के रूप में चुनौती पेश करेगी। इस बीच इंग्लिश टीम के बारे में सभी अहम जानकारी पर एक नजर डालते हैं।

लेखा-जोखा 

अब तक एक खिताब ही जीत सकी है इंग्लिश टीम 

इंग्लैंड उद्घाटन संस्करण (2009) में विजेता बना था। उस खिताबी मुकाबले में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को हराया था। इसके बाद 2012, 2014 और 2018 में वह उपविजेता रहे थे। 2010 इंग्लैंड टीम के लिए सबसे खराब संस्करण रहा था, जब वह पहले राउंड से बाहर हो गए थे। इनके अलावा वे 2016 और 2020 में सेमीफाइनल से बाहर हो गए थे। विशेष रूप से इंग्लैंड ने सातों संस्करण में हिस्सा लिया है।

प्रदर्शन 

विश्व कप में इंग्लैंड के किन खिलाड़ियों ने किया है उम्दा प्रदर्शन?

मौजूदा इंग्लिश टीम से नताली साइवर ने 27.66 की औसत और चार अर्धशतक की मदद से सर्वाधिक रन (415) बनाए हैं। इस सूची में नाइट दूसरे सबसे अधिक रन (369) बनाने वाली बल्लेबाज हैं। वह एक शतक भी लगा चुकी हैं। मध्यम गति की गेंदबाजी करने वाले साइवर ने 13.13 की औसत से 22 विकेट चटकाए हैं। तेज गेंदबाज कैथरीन ब्रंट ने 26.46 की औसत से 15 विकेट लिए हैं। सोफी एक्लेस्टोन ने 13 विकेट लिए हैं।

प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट 

इंग्लैंड ने जीते हैं सर्वाधिक 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' पुरस्कार 

इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' का पुरस्कार तीन बार जीता है, जो एक टीम द्वारा सबसे अधिक है। क्लेयर टेलर ने 2009 में 199 रन बनाकर पहली बार यह पुरस्कार जीता था। शार्लेट एडवर्ड्स (172 रन) ने 2012 में अन्या श्रुबसोल (13 विकेट) ने 2014 में ये सम्मान हासिल किया था। इस बीच कैथरीन ब्रंट एकमात्र इंग्लिश महिला खिलाड़ी हैं, जो फाइनल में 'प्लेयर ऑफ द मैच' रह चुकी हैं।

इंग्लैंड की टीम 

टी-20 विश्व कप के लिए इंग्लैंड की टीम

इंग्लैंड के साथ ग्रुप-B भारतीय महिला क्रिकेट टीम भी मौजूद है। इनके अलावा इस ग्रुप में पाकिस्तान, आयरलैंड और वेस्टइंडीज अन्य टीमें हैं। टी-20 विश्व कप के लिए इंग्लैंड की टीम: हीथर नाइट (कप्तान), लॉरेन बेल, मैया बाउचियर, एलिस कैप्सी, केट क्रॉस, फ्रेया डेविस, चार्ली डीन, सोफिया डंकले, सोफी एक्लेस्टोन, सारा ग्लेन, एमी जोन्स, कैथरीन साइवर-ब्रंट, नेट साइवर, लॉरेन विनफील्ड और हिल डैनी व्याट। ट्रेवल रिजर्व: इस्सी वोंग और दानी गिब्सन।

जानकारी

ऐसा है इंग्लैंड टीम का कार्यक्रम 

इंग्लैंड टीम 11 फरवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी। इसके बाद आयरलैंड, भारत और पाकिस्तान के खिलाफ क्रमशः 13, 18 और 21 फरवरी को अगले मैच खेलेगी।