LOADING...
महिला वनडे विश्व कप में इन भारतीय बल्लेबाजों ने खेली हैं सबसे बड़ी पारियां
हरमनप्रीत कौर ने विश्व कप में कई शानदार पारियां खेलीं हैं (तस्वीर: एक्स/@ICC)

महिला वनडे विश्व कप में इन भारतीय बल्लेबाजों ने खेली हैं सबसे बड़ी पारियां

Sep 18, 2025
07:32 am

क्या है खबर?

महिला वनडे विश्व कप में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की बल्लेबाजों ने कई यादगार पारियां खेली हैं। कभी तूफानी अंदाज में चौकों-छक्कों की बरसात हुईं तो कभी दबाव भरे मौकों पर धैर्य और कौशल का कमाल देखने को मिला। इन पारियों ने भारतीय महिला क्रिकेट की ताकत और आत्मविश्वास को दुनिया के सामने रखा है। ऐसे में आइए इस टूर्नामेंट के आगामी संस्करण से पहले भारत के लिए सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाजों पर नजर डालते हैं।

#1

हरमनप्रीत कौर (171* रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2017) 

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर इस सूची में पहले स्थान पर हैं। उन्होंने साल 2017 के वनडे विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ 171* रन की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। उन्होंने उस मैच में सिर्फ 115 गेंदों का सामना किया था। उनके बल्ले से 20 चौके और 7 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 148.69 की रही थी। भारतीय महिला टीम ने वो मुकाबला 36 रन से अपने नाम किया था।

#2

स्मृति मंधाना (123 रन बनाम वेस्टइंडीज, 2022) 

सूची में दूसरे स्थान पर भारतीय टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना हैं। उन्होंने साल 2022 के वनडे विश्व कप में वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ 119 गेंदों का सामना करते हुए 123 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 13 चौके और 2 छक्के निकले थे। उनकी स्ट्राइक रेट 103.36 की रही थी। उस मैच में हरमनप्रीत ने भी 109 रन की पारी खेली थी। मुकाबले को भारतीय टीम ने 155 रन से अपने नाम किया था।

#3

मिताली राज (109 रन बनाम न्यूजीलैंड, 2017), हरमनप्रीत कौर (109 रन बनाम वेस्टइंडीज, 2022) 

सूची में तीसरे स्थान पर संयुक्त रूप से 2 भारतीय बल्लेबाज हैं- पूर्व दिग्गज खिलाड़ी मिताली राज और स्टार बल्लेबाज हरमनप्रीत। दोनों ने वनडे विश्व कप में 109-109 रन की शानदार पारियां खेली थीं। मिताली ने साल 2017 में न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ यह पारी खेली। वहीं, हरमनप्रीत ने 2022 विश्व कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ ये दमदार प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि इन दोनों मुकाबलों में भारत ने जीत हासिल की थी।

#4

हरमनप्रीत कौर (107 रन बनाम इंग्लैंड, 2013) 

इस सूची में चौथे स्थान पर भी हरमनप्रीत ही हैं। उन्होंने साल 2013 के वनडे विश्व कप में इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ नाबाद 107 रन बनाए थे। उनके बल्ले से 8 चौके और 2 छक्के निकले थे। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की टीम ने 272/8 का स्कोर बनाया था। जवाब में हरमनप्रीत के शतक के बावजूद भारतीय टीम सिर्फ 240/9 का स्कोर ही बना पाई थी। उसे मुकाबले में 32 रन से हार मिली थी।