न्यूजीलैंड को लगा बड़ा झटका, भारत के खिलाफ सीरीज से बाहर हुए विलियम ओ रूर्के
क्या है खबर?
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज विलियम ओ रूर्के चोट के कारण भारतीय क्रिकेट टीम के आगामी दौरे पर नहीं खेल पाएंगे। वह बाईं हैमस्ट्रिंग और पिंडली की चोट से उबरने के लिए पुनर्वास प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि एहतियात के तौर पर उन्हें भारत के खिलाफ वनडे और टेस्ट सीरीज से बाहर रखा गया है। टीम प्रबंधन का लक्ष्य उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के लिए फिट करना है।
टालना
अप्रैल 2025 में बाद घर में नहीं खेल पाए हैं ओ रूर्के
ओ रूर्के की चोट ने न्यूजीलैंड में घरेलू अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने की उनकी उम्मीदों को एक बार फिर टाल दिया है।
वह अप्रैल 2025 के बाद से घरेलू मैदान पर कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेल सके हैं।
पीठ में तनाव संबंधी फ्रैक्चर के कारण वह पिछली गर्मियों में भी मैदान से दूर रहे थे।
7 महीने तक टीम से बाहर रहने के बाद उन्होंने अप्रैल में बांग्लादेश दौरे पर वापसी की और सभी वनडे मुकाबलों में हिस्सा लिया था।
इंग्लैंड
इंग्लैंड के खिलाफ चोटिल हुए थे ओ रूर्के
ओ रूर्के ने जून में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ सभी टेस्ट मैच खेले थे। हालांकि, नॉटिंघम में खेले गए तीसरे टेस्ट के आखिरी दिन उनकी हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई।
इस चोट से उबरने के दौरान उनकी मुश्किलें फिर बढ़ गईं।
अगस्त के आखिर में अभ्यास सत्र के दौरान उनकी पिंडली में भी खिंचाव आ गया। इन चोटों के कारण अब उन्हें भारत के खिलाफ आगामी सीरीज से बाहर होना पड़ा है।
कोच
न्यूजीलैंड के कौच ने क्या कहा?
न्यूजीलैंड के मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने ओ रूर्के के बाहर होने पर निराशा जताई।
उन्होंने कहा, "यह निराशाजनक है कि विल भारत के खिलाफ घरेलू मैदान पर होने वाले इतने बड़े दौरे का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। उन्हें वनडे और टेस्ट, दोनों सीरीज में खेलना था। हालांकि, आपसी चर्चा के बाद हमने फैसला किया कि उन्हें दोनों चोटों से उबरने के लिए और समय दिया जाए। साथ ही गेंदबाजी का भार धीरे-धीरे बढ़ाकर उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाए।"
बयान
तेज गेंदबाजी के विकल्प हमारे लिए अहम होंगे
कोच ने आगे कहा कि तेज गेंदबाजी के विकल्प टीम के लिए बेहद अहम होंगे।
ऐसे में उनकी वापसी को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं की जाएगी। टीम चाहती है कि वह मैदान पर लौटने से पहले पूरी तरह फिट हो जाएं।
ओ रूर्के के सामने 9 दिसंबर से पर्थ में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरू होने वाले टेस्ट तक फिट होने की चुनौती है।
ओ रूर्के ने 14 टेस्ट में 49 विकेट चटकाए हैं। वनडे में उन्होंने 27 विकेट लिए हैं।