
कौन हैं चरिथ असलंका, जिन्होंने श्रीलंका को शानदार बल्लेबाजी से एशिया कप के फाइनल में पहुंचाया?
क्या है खबर?
श्रीलंका ने एशिया कप 2023 के दौरान सुपर-4 के अपने आखिरी मुकाबले में पाकिस्तान क्रिकेट टीम को 2 विकेट से हरा दिया।
इसी के साथ टीम फाइनल में पहुंच गई, जहां उनका सामना भारतीय टीम से होगा।
चरिथ असलंका ने 47 गेंदों में नाबाद 49 रन की पारी खेली। उन्होंने 3 चौके और 1 छक्का लगाया। अंतिम 2 गेंदों पर 6 रन बनाकर इस खिलाड़ी ने टीम को जीत दिलाई।
आइए उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
रन
ऐसे असलंका ने दिलाई टीम को जीत
श्रीलंका को जीत के लिए 42 ओवर में 252 रन चाहिए थे, जब असलंका मैदान पर पहुंचे तो श्रीलंका का स्कोर 177/3 था।
अचानक 4 विकेट गिरने से श्रीलंका मुश्किल में आ गई।
अंतिम 2 गेंदों में श्रीलंका को जीत के लिए 6 रन चाहिए थे। असलंका ने ओवर की पांचवीं गेंद पर चौका लगाया और अंतिम गेंद पर 2 रन लेकर टीम को जीत दिला दी।
श्रीलंका के अंतिम 44 में से 33 रन असलंका के बल्ले से आए।
प्रदर्शन
एशिया कप में शानदार प्रदर्शन कर रहे असलंका
असलंका जारी एशिया कप में श्रीलंका टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ श्रीलंका के पहले मैच में महत्वपूर्ण 62* रन बनाए थे। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ शानदार पारी खेलने से पहले अफगानिस्तान के खिलाफ 36, बांग्लादेश के खिलाफ 10 और भारत के खिलाफ 22 रनों का योगदान दिया था।
इसके साथ ही उन्होंने भारत के खिलाफ कमाल की गेंदबाजी भी की थी और 18 रन देकर 4 विकेट झटके थे।
रन
डेब्यू के बाद से श्रीलंका के लिए वनडे में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी
असलंका के वनडे क्रिकेट में डेब्यू के बाद से केवल सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका (1,324) ने श्रीलंका के लिए सबसे अधिक वनडे में रन बनाए हैं।
असलंका ने अपनी 35 वनडे पारियों में से 32 मुकाबलों में पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी की है और 46.22 की औसत से 1,248 रन बनाए हैं।
पांचवें नंबर पर कम से कम 1,000 रन बनाने वाले श्रीलंकाई बल्लेबाजों में केवल एंजेलो मैथ्यूज (51.08) का औसत उनसे ज्यादा है।
करियर
कैसा रहा है असलंका का टी-20 और टेस्ट करियर?
असलंका ने 37 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 24.94 की औसत से 823 रन बनाए हैं। उन्होंने इस दौरान 4 अर्द्धशतक भी लगाए हैं, उनकी स्ट्राइक रेट 122.84 की रही है।
साल 2021 के टी-20 विश्व कप में उन्होंने 46.20 की औसत और 147.13 की स्ट्राइक रेट से 231 रन बनाए थे। वह श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे।
बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 3 टेस्ट में 14.67 की औसत से सिर्फ 88 रन बनाए हैं।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
असलंका श्रीलंका के लिए साल 2016 का अंडर-19 विश्व कप खेल चुके हैं। उन्होंने 6 मैचों में 46 की औसत से 276 रन बनाए थे। वह श्रीलंका के लिए उस टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज थे।
वनडे
असलंका के वनडे करियर पर एक नजर
26 वर्षीय असलंका ने जून 2021 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। इसके बाद वह सफेद गेंद की क्रिकेट में टीम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं।
उन्होंने 40 वनडे मैचों में 42.4 की औसत से 1,272 रन बनाए हैं। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 89.33 की रही है। उन्होंने अपने वनडे करियर में 9 शतक और 1 अर्धशतक लगाए हैं।
कुल मिलाकर लिस्ट ए क्रिकेट में उन्होंने 92 मैचों में 42.20 की औसत से 2,912 रन बनाए हैं।