Page Loader
किस्से फुटबॉल के: लकी जर्सी खोने से गई पेले की फॉर्म, फिर खोजने में लगा जासूस

किस्से फुटबॉल के: लकी जर्सी खोने से गई पेले की फॉर्म, फिर खोजने में लगा जासूस

लेखन Neeraj Pandey
Mar 01, 2019
07:19 pm

क्या है खबर?

फुटबॉल दुनिया में सबसे ज़्यादा पसंद किया जाने वाला खेल है और ब्राज़ील इस खेल का सबसे बड़ा गढ़ है। ब्राज़ील ने लगातार इस खेल को कई महान खिलाड़ी दिए हैं, लेकिन उनके सबसे महान खिलाड़ी पेले रहे हैं। पेले ने ब्राज़ील के लिए सबसे ज़्यादा इंटरनेशनल गोल दागे हैं और उनका यह रिकॉर्ड दशकों से कोई अन्य ब्राज़ीली खिलाड़ी नहीं तोड़ सका है। आइए आपको पेले से ही जुड़ी एक रोचक कहानी बताते हैं।

फॉर्म

लकी जर्सी गायब होने से गई पेले की फॉर्म!

पेले जब ब्राज़ीली क्लब सांतोस के लिए खेल रहे थे तो एक दफा उनकी फॉर्म काफी खराब हो गई थी। वह न तो गोल कर पा रहे थे और न ही असिस्ट। पेले को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर उनको हुआ क्या है। अचानक पेले को याद आया कि उन्होंने अपनी लकी जर्सी एक फैन को दे दी और इसी वजह से उनकी फॉर्म खराब हुई है। पेले ने जर्सी खोजने के लिए जासूस को भी बुलाया था।

जासूस

जासूस की मदद से खोजी गई पेले की लकी जर्सी

पेले को बिल्कुल यकीन था कि यदि उन्हें अपनी लकी जर्सी मिल जाए तो वह एक बार फिर फॉर्म में वापस आ जाएंगे। अपनी जर्सी खोजने के लिए उन्होंने बाकयदा एक जासूस को भी नियुक्त किया और कहा कि उन्हें वह जर्सी वापस चाहिए। जासूस ने पेले को जर्सी लाकर दी जिसके बाद वह शानदार फॉर्म में वापस आ गए और एक बार फिर उन्होंने सांतोस के लिए जादुई प्रदर्शन करना शुरु कर दिया।

अंधविश्वास

पेले को जर्सी के नाम पर था अंधविश्वास

अंधविश्वास ऐसी चीज है इंसान के दिमाग में वहम कर जाती है। वहम होने के बाद इंसान को भले ही झूठी, लेकिन तसल्ली मिलनी ही चाहिए। कुछ ऐसा ही पेले के साथ भी हुआ था। पेले को लगा था कि जासूस ने उन्हें उनकी लकी जर्सी खोजकर दी है जबकि जासूस ने उनकी ही पुरानी जर्सी उन्हें वापस की थी। पेले को लगा लकी जर्सी वापस आ गई है और उनके दिमाग का वहम खत्म हो गया।

फुटबॉलर्स

कुछ मशहूर खिलाड़ी जो मैच से पहले करते हैं ये काम

नेमार हर मैच से पहले अपने पिता से बात करते हैं तो वहीं मेसुत ओज़िल मैच से पहले अल्लाह को याद करते हैं। मैनचेस्टर यूनाइटेड डिफेंडर फिल जोन्स होम मैच में पहले बाएं पैर के मोजे तो वहीं अवे मैच में वह पहले दाएं पैर के मोजे पहनते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक क्रिस्टियानो रोनाल्डो को हर मैच से पहले बाल कटवाने की आदत है। स्पैनिश खिलाड़ी सेस्क फाब्रेगास अपनी गर्लफ्रेंड द्वारा दी गई रिंग को चार बार चूमते हैं।