
विराट कोहली से लेकर ऋषभ पंत तक, ये हैं IPL के पांच सबसे युवा कप्तान
क्या है खबर?
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 14वें सीजन में ऋषभ पंत को दिल्ली कैपिटल्स का कप्तान बनाया गया है।
दिल्ली के नियमित कप्तान श्रेयस अय्यर चोटिल होकर IPL के इस सीजन से बाहर हो गए हैं, ऐसे में पंत को यह जिम्मेदारी मिली है।
इस नियुक्ति के साथ ही 23 वर्षीय पंत इस सीजन के सबसे युवा कप्तान बने हैं।
IPL इतिहास के पांच सबसे युवा कप्तानों पर एक नजर डालते हैं।
#1
विराट कोहली
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली के नाम IPL इतिहास के सबसे युवा कप्तान होने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्हें 22 साल, 187 दिन की उम्र में टीम की कमान सौंपी गई थी।
उन्हें IPL 2013 में पहली बार बैंगलोर का कप्तान बनाया गया था। तब से लेकर अब तक उन्होंने 125 मैचों में टीम की कमान संभाली है। कोहली की कप्तानी में टीम को 57 मैचों में जीत जबकि 64 में हार मिली है।
#2
स्टीव स्मिथ
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ को पहली बार 22 साल, 344 दिन की उम्र में पुणे वारियर्स ने टीम का कप्तान बनाया था।
उन्होंने अब तक IPL में कुल 42 मैचों में कप्तानी की है। स्मिथ की कप्तानी में 25 मैचों में उनकी टीम जीती है। वहीं 16 मैचों में उनकी अगुवाई में टीम को शिकस्त झेलनी पड़ी है।
पिछले सीजन में स्मिथ राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी करते हुए नजर आए थे। हालांकि, इस सीजन में वह दिल्ली कैपिटल्स से खेलेंगे।
#3
सुरेश रैना
IPL में सफलतम बल्लेबाजों में शुमार सुरेश रैना लीग के तीसरे सबसे युवा कप्तान रहे हैं। उन्होंने 23 साल 112 दिन की उम्र में पहली बार चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी की थी।
दरअसल, नियमित कप्तान धोनी एल्बो इंजरी के कारण मैच नहीं खेले थे, तब रैना ने टीम की कमान संभाली थी।
हालांकि, रैना को बाद में गुजरात लायंस का कप्तान बनाया गया था। उन्होंने 34 IPL मैचों में कप्तानी की है, जिसमें से उनकी टीम 14 जीती और 20 हारी है।
#4
श्रेयस अय्यर
श्रेयस अय्यर को IPL 2018 के बीच में गौतम गंभीर के कप्तानी से हटने के बाद कप्तान बनाया गया था। जब अय्यर को पहली बार कप्तान बनाया गया था, तब उनकी उम्र 23 साल और 141 दिन थी।
उन्होंने अब तक 41 मैचों में दिल्ली की कप्तानी की है, जिसमें से उनकी टीम को 23 मैचों में जीत जबकि 18 में हार झेलनी पड़ी है। अय्यर की अगुवाई में पिछले सीजन में दिल्ली उपविजेता रही थी।
#5
ऋषभ पंत
बीते मंगलवार को ऋषभ पंत को दिल्ली कैपिटल्स का नया कप्तान बनाया गया है। वह IPL इतिहास के पांचवे सबसे युवा कप्तान बन गए हैं।
पंत को 23 साल और 177 दिन की उम्र में ही टीम का कप्तान बनाया गया है। IPL 2021 में पंत पहली बार चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 10 अप्रैल को कप्तानी करते हुए नजर आएंगे। बता दें पंत पिछले सीजन में टीम के उपकप्तान बनाए गए थे।