Page Loader
IPL 2019: नियम तोड़ने की वजह से विराट कोहली पर लगा भारी जुर्माना

IPL 2019: नियम तोड़ने की वजह से विराट कोहली पर लगा भारी जुर्माना

लेखन Neeraj Pandey
Apr 14, 2019
11:46 am

क्या है खबर?

बीती रात किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ सीजन की पहली जीत हासिल करने वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली के लिए मुकाबला बहुत अच्छा नहीं रहा। भले ही कोहली ने शानदार पारी खेली और उनकी टीम ने लगातार छह हार के बाद पहली जीत हासिल की, लेकिन कोहली पर जुर्माना लगाया गया है। स्लो ओवर रेट के कारण विराट कोहली पर 12 लाख रूपए का जुर्माना लगाया गया।

जानकारी

मीडिया एडवाइजरी में IPL ने दी जानकारी

IPL ने मीडिया एडवाइजरी में बताया कि पंजाब के खिलाफ कोहली की टीम ने स्लो-ओवर रेट से गेंदबाजी की। हालांकि, टीम का इस सीजन का यह पहला अपराध था और इसी कारण केवल कोहली पर जुर्माना लगाकर छोड़ दिया गया। कोहली पर मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है और उन्हें कुल 12 लाख रूपए का जुर्माना चुकाना होगा।

कोहली

टी-20 में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने कोहली

इस सीजन लगातार छह हार झेल चुकी बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली ने पंजाब के खिलाफ 53 गेंदों में 67 रनों की शानदार पारी खेली। कोहली ने अपनी पारी में आठ चौके लगाए। इस दौरान कोहली ने IPL करियर का 36वां अर्धशतक लगाया। वर्तमान समय में कोहली टी-20 में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। सुरेश रैना (8145) इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर आ गए हैं।

धोनी

हाल ही में धोनी पर भी लगा था जुर्माना

कोलकाता के खिलाफ मुकाबले के दौरान मैदान में घुसकर अंपायर से बहस करने के लिए धोनी पर भी जुर्माना लगाया गया था। IPL ने प्रेस रिलीज़ जारी कर कहा था, "चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान एम एस धोनी पर जयपुर में राजस्थान रॉयल्स खिलाफ IPL की आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।" धोनी ने IPL की आचार संहिता के स्तर 2, अपराध 2.20 में अपनी गलती स्वीकार कर ली थी।