Page Loader
विराट कोहली टी-20 विश्व कप में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने
कोहली ने लगाया अर्धशतक (तस्वीर: ट्विटर/@ICC)

विराट कोहली टी-20 विश्व कप में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने

Nov 02, 2022
02:09 pm

क्या है खबर?

टी-20 विश्व कप 2022 में भारतीय क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश को डक वर्थ लुईस (DLS) की मदद से 5 रनों से हरा दिया। इस मैच में विराट कोहली ने बड़ा कीर्तिमान हासिल किया। अपनी अर्धशतकीय पारी (64*) के दौरान वह टी-20 विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने श्रीलंका के पूर्व दिग्गज महेला जयवर्धने के बड़े रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

पारी

कोहली बने 'प्लेयर ऑफ द मैच'

भारत ने 11 के स्कोर पर रोहित शर्मा के रूप में पहला विकेट खो दिया था तब कोहली बल्लेबाजी के लिए आए। उन्होंने केएल राहुल (50) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 67 रनों की साझेदारी की। उन्होंने 37 गेंदों में अपने टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 36वां अर्धशतक पूरा किया। आखिरी तक नाबाद रहे कोहली ने 44 गेंदों में आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 64 रन बनाए, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

उपलब्धि

टी-20 विश्व कप में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने कोहली

आज कोहली ने टी-20 विश्व कप की अपनी 23वीं पारी में जयवर्धने के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। उन्होंने तस्कीन अहमद की गेंद पर सिंगल लेकर जयवर्धने को पीछे छोड़ा। कोहली के टी-20 विश्व कप में अब 88.75 की औसत से 1,065 रन हो गए हैं। बता दें जयवर्धने ने टी-20 विश्व कप में 31 पारियों में 39.07 की औसत और 134.74 की स्ट्राइक रेट से 1,016 रन बनाए थे।

आंकड़े

मौजूदा संस्करण में सर्वाधिक रन

कोहली के लिए यह टी-20 विश्व कप शानदार चल रहा है। उन्होंने फिलहाल चार मैचों में 220.00 की अविश्वसनीय औसत और 144.73 की स्ट्राइक रेट से 220 रन बना लिए हैं। इस बीच वह तीन अर्धशतक लगा चुके हैं। कोहली के इस विश्व कप में स्कोर क्रमशः 82*, 62*, 12 और 64* है। इस संस्करण में उनके बाद सर्वाधिक रन नीदरलैंड के मैक्स ओडोड (213) और श्रीलंका के कुसल मेंडिस (205) हैं।

टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर

टी-20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक रन

कोहली का टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर शानदार रहा है। उन्होंने अब तक 105 पारियों में 53.13 की अविश्वसनीय औसत और 138.45 की स्ट्राइक रेट से 3,932 रन बना लिए हैं। उनका उच्चतम स्कोर 122* रनों का है, जो इसी साल एशिया कप के दौरान आया था। उन्होंने इस प्रारूप में अब तक एक शतक और 36 अर्धशतक लगाए हैं। वहीं कोहली के बाद दूसरे सर्वाधिक रन रोहित शर्मा (3,811) ने नाम रन दर्ज हैं।