LOADING...
राष्ट्रमंडल खेल 2022: विकास ठाकुर ने जीता सिल्वर, भारोत्तोलन में भारत का आठवां मेडल
विकास ने जीता सिल्वर मेडल (तस्वीर: ट्विटर/@airnewsalerts)

राष्ट्रमंडल खेल 2022: विकास ठाकुर ने जीता सिल्वर, भारोत्तोलन में भारत का आठवां मेडल

लेखन Neeraj Pandey
Aug 02, 2022
08:46 pm

क्या है खबर?

राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारत को भारोत्तोलन से एक और मेडल मिला है। 96 किलोग्राम भारवर्ग में विकास ठाकुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया है। यह भारोत्तोलन में भारत का आठवां और कुल मिलाकर तीसरा सिल्वर मेडल है। विकास ने स्नैच में 155 और क्लीन एंड जर्क में 191 किलो का भार उठाते हुए गोल्ड अपने नाम किया है। आइए जानते हैं कैसा रहा मुकाबला।

लेखा-जोखा

केवल एक ही बार भार उठाने में असफल हुए विकास

स्नैच के पहले प्रयास में विकास ने 149 किलो का भार उठाया। इसके बाद उन्होंने 153 और 155 किलो के भार उठाए। स्नैच में वह संयुक्त रूप से तीसरे सबसे अधिक भार उठाने वाले व्यक्ति रहे थे। क्लीन एंड जर्क में 187 किलो के भार के साथ उन्होंने शानदार शुरुआत की। इसके बाद 191 किलो का भार उठाकर उन्होंने मेडल पक्का किया। 198 किलो के अंतिम प्रयास में वह असफल रहे।

गोल्ड मेडल

डॉन ओपेलोगे ने किया अविश्वसनीय प्रदर्शन

समोआ के डॉन ओपेलोगे ने अविश्वसनीय प्रदर्शन किया। ओपेलोगे ने स्नैच में 161 किलो के साथ शुरुआत की और 171 किलो का गेम्स रिकॉर्ड भार उठाया। इसके बाद क्लीन एंड जर्क में उन्होंने 200 और 210 किलो के भार उठाए और यहां भी राष्ट्रमंडल खेल का रिकॉर्ड बनाया। कुल 381 किलो के भार के साथ उन्होंने गोल्ड मेडल जीता है। गोल्ड पक्का करने के बाद वह 220 किलो का भार उठाने में असफल हुए थे।

भारोत्तोलन

भारोत्तोलन में जारी है भारत का जलवा

राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारत ने अब तक भारोत्तोलन में आठ मेडल जीते हैं। मीराबाई चानू, जेरेमी लालरिनुंगा और अचिंता शुली ने भारत के लिए गोल्ड जीते हैं। संकेत महादेव सरगर, विंद्यारानी देवी और विकास ने सिल्वर मेडल जीते हैं तो वहीं गुरुराज पुजारी और हरजिंदर कौर ने ब्रॉन्ज हासिल किया है। अब तक केवल दो भारतीय भारोत्तोलक ही मेडल जीतने में असफल रहे हैं जिसमें एक पुरुष और एक महिला हैं।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

भारोत्तोलन के आठ मेडल्स के अलावा भारत ने जूडो में दो और टेबल टेनिस में गोल्ड हासिल किया है। भारत लॉन बॉल में भी गोल्ड जीता है। इतिहास में पहली बार भारत को इस खेल में कोई मेडल मिला है।