LOADING...
वरुण आरोन और आदित्य तारे ने छोड़ा अपनी-अपनी टीमों का साथ, अब दूसरे राज्यों से खेलेंगे
वरुण आरोन और आदित्य तारे अब नई टीमों से खेलते दिखेंगे

वरुण आरोन और आदित्य तारे ने छोड़ा अपनी-अपनी टीमों का साथ, अब दूसरे राज्यों से खेलेंगे

Aug 30, 2022
04:13 pm

क्या है खबर?

भारतीय तेज गेंदबाज वरुण आरोन ने अगले घरेलू सत्र से पहले अपनी राज्य टीम झारखंड से विदा ले ली है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया है कि वह 2022-23 घरेलू सत्र में बड़ौदा का प्रतिनिधित्व करेंगे। वहीं आदित्य तारे का भी लम्बे समय से चला आ रहा मुंबई का साथ अब समाप्त हो गया है। वह अगले सीजन में उत्तराखंड से खेलते दिखेंगे। इस खबर पर एक नजर डालते हैं।

बयान

झारखंड का साथ छोड़ने पर क्या बोले वरुण?

32 वर्षीय वरुण ने पोस्ट पर कहा "पिछले 18 सालों से मेरा घर रही झारखंड टीम का साथ छोड़ रहा हूं। अब मैं बड़ौदा का प्रतिनिधित्व करने जा रहा हूं। मैं अपने सभी साथियों, कोचों, ग्राउंड स्टाफ और राज्य के सभी लोगों का सदा आभारी हूं, जिन्होंने मेरे सपनों को हासिल करने में मेरी मदद की है। मैंने सपनों का पीछा करना जारी रखा है क्योंकि मैं बड़ौदा का प्रतिनिधित्व करूंगा।"

करियर

ऐसा रहा है वरुण का क्रिकेटिंग करियर

वरुण आरोन ने 2008 में झारखंड से जम्मू कश्मीर के खिलाफ अपने फर्स्ट क्लास करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अब तक 63 फर्स्ट क्लास मैचों में 32.82 की औसत से 167 विकेट लिए हैं। इसके अलावा उन्होंने 73 लिस्ट-A मैचों में 27.20 की औसत से 115 विकेट अपने नाम किए। वरुण ने भारत की ओर से नौ टेस्ट और नौ ही वनडे खेले हैं, जिसमें क्रमशः 18 और 11 विकेट लिए हैं।

Advertisement

बयान

मैंने मुंबई की टीम से पूरे गर्व के साथ खेला है- आदित्य तारे

मुंबई से अलग होने के बारे में तारे ने कहा, "मुंबई से आगे बढ़ने के बारे में मैं कैसा महसूस कर रहा हूं, इसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। जब मैं लगभग 16 साल का था जब मुझे अपनी पहली मुंबई कैप (अंडर -17) मिली थी। आज तक 34 साल की उम्र में मैंने इस सफर आनंद लिया है, पूरे गर्व के साथ खेला है और मुंबई के खिलाड़ी होने के अपने सपने को जीया है।"

Advertisement

करियर

ऐसा रहा तारे का करियर

तारे ने 2009 में रणजी ट्रॉफी में अपने फर्स्ट क्लास क्रिकेट करियर की शुरुआत की। उन्होंने 80 फर्स्ट क्लास मैचों में 37.29 की औसत से 4,523 रन बनाए हैं। इनमें नौ शतक व 27 अर्द्धशतक शामिल हैं। लिस्ट-A क्रिकेट में तारे ने 73 मैचों में 36 के औसत से 1,841 रन बनाए हैं। इनमें एक शतक व 12 अर्द्धशतक शामिल हैं। अपने घरेलू करियर में तारे ने 110 टी-20 मैच खेले, जिसमें 2,177 रन बनाए हैं।

Advertisement