Page Loader
अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप: अंतिम पंघल ने जीता स्वर्ण पदक, लगातार दूसरी बार हासिल की उपलब्धि 
अंतिम पंघल ने इस चैंपियनशिप में लगातार 2 स्वर्ण पदक जीतने वाले पहली भारतीय महिला पहलवान बन गई हैं (तस्वीर: ट्विटर/@IIS_Vijayanagar)

अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप: अंतिम पंघल ने जीता स्वर्ण पदक, लगातार दूसरी बार हासिल की उपलब्धि 

Aug 19, 2023
11:01 am

क्या है खबर?

भारतीय महिला पहलवान अंतिम पंघल ने इतिहास रच दिया है। पंघल ने जॉर्डन में आयोजित हो रही अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया है। पंघल कुश्ती की ऐसी पहली भारतीय महिला पहलवान बन गई हैं जिन्होंने इस चैंपियनशिप में लगातार 2 बार स्वर्ण पदक जीता है। यह भारतीय पहलवान पिछले कुछ समय से विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर रही है। आइए उनके बारे में और अधिक जानते हैं।

रिपोर्ट

फाइनल में यूक्रेनी खिलाड़ी को दी पटखनी 

भारतीय पहलवान पंघल ने 53 किग्रा वर्ग की स्पर्धा में भाग लेते हुए पदक जीतने में सफलता हासिल की है। फाइनल में उन्होंने बेहद मजबूत प्रतिद्वंदी यूक्रेन की मारिया येफ्रेमोवा को लगभग एकतरफा मुकाबल में 4-0 से पटखनी देकर पदक पर कब्जा जमाया। पूरे मुकाबले के दौरान वह विरोधी पहलवान पर पूरी तरह से हावी नजर आई। उनकी मजबूत पकड़ के आगे यूक्रेनी खिलाड़ी के पास कोई जवाब नहीं था।

रिपोर्ट

भारतीय महिला टीम ने जीती टीम चैंपियनशिप 

भारतीय महिला टीम ने चैंपियनशिप में कुल 7 पदक (3 स्वर्ण, 1 रजत और 3 कांस्य) जीतने में सफलता हासिल की। भारतीय ने 140 अंकों के साथ टीम चैंपियनशिप हासिल की। जापान (129 अंक) दूसरे स्थान पर रहा, जबकि अमेरिका (118 अंक) तीसरे स्थान पर रहा। यह दूसरी बार है जब भारत ने किसी भी आयु वर्ग में विश्व चैंपियनशिप में टीम चैंपियनशिप जीती है। अंडर-17 पुरुषों की फ्रीस्टाइल टीम ने 2021 में इसी तरह की उपलब्धि हासिल की।

रिपोर्ट

इन खिलाड़ियों ने भी जीते पदक 

पंघल के अलावा सविता दलाल ने 62 किग्रा वर्ग में वेनेजुएला की एस्ट्रिड पाओला मोंटेरो चिरिनोस को 10-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। सविता मौजूदा अंतर-17 विश्व चैंपियन भी हैं। इसी तरह 65 किग्रा वर्ग में अंतिम कुंडू को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। फाइनल में उन्हें हंगरी की एनिको एलेकेस ने 2-9 से हराया। रीना (57 किग्रा) और हर्षिता (72 किग्रा) भी पदक जीतने में कामयाब रहीं। दोनों ने अपने-अपने कांस्य पदक मुकाबले जीते।

रिपोर्ट

अब पंघल से एशियन गेम्स में पदक की उम्मीद 

चीन के होंगजोऊ में 23 सितंबर से 8 अक्टूबर के बीच एशियन गेम्स 2023 का आयोजन होना प्रस्तावित है। इस प्रतियोगिता में भी पंघल से पदक की उम्मीद रहेगी। वह 53 किग्रा स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करती नजर आएंगी। पंघल को आगामी प्रतियोगिता में विनेश फोगाट के नाम वापस लेने के चलते भाग लेने का अवसर प्राप्त हुआ है। हाल ही में एशियन गेम्स के लिए हुए ट्रायल में पंघल 53 किग्रा श्रेणी में शीर्ष पर रही थीं।