रणजी ट्रॉफी: पंजाब के लिए डेब्यू मैच में उमेश यादव ने झटके 5 विकेट, जानिए आंकड़े
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम से लंबे समय से बाहर चल रहे तेज गेंदबाज उमेश यादव ने पंजाब क्रिकेट टीम के लिए अपने पहले ही रणजी ट्रॉफी मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया है। 38 वर्षीय उमेश ने न्यू चंडीगढ़ के PCA अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में असम के खिलाफ 5 विकेट झटके। उन्होंने आखिरी बार जून 2023 में भारत के लिए कोई मुकाबला खेला था। उनकी धारदार गेंदबाजी के दम पर ही असम की पहली पारी 373 रन समाप्त हुई।
गेंदबाजी
ऐसी रही उमेश की गेंदबाजी
उमेश ने असम के सलामी बल्लेबाज ऋषव दास को शून्य पर आउट कर विकेटों का खाता खोला।
इसके बाद उन्होंने 12वें ओवर की तीसरी गेंद पर राजवीर सिंह को पवेलियन भेजा।
पहले दिन 2 विकेट लेने वाले उमेश ने दूसरे दिन पहले 2 सत्रों में 3 और बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया।
इस तेज गेंदबाज ने 24 ओवर गेंदबाजी की और 7 मेडन के साथ 70 रन देकर 5 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी 2.90 की रही।
करियर
16वीं बार प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उमेश ने लिया 5 विकेट हॉल
उमेश ने पंजाब के लिए डेब्यू मैच में 5 विकेट लेकर अपने करियर में नया अध्याय जोड़ दिया है।
विदर्भ के लिए साल 2008 में प्रथम श्रेणी डेब्यू करने वाले उमेश 2026-27 सत्र में अतिथि खिलाड़ी के रूप में पंजाब से जुड़े।
प्रथम श्रेणी क्रिकेट में यह उनका 16वां पांच विकेट हॉल है। उन्होंने 124 मैचों में करीब 30 की औसत से 385 विकेट लिए हैं।
उन्होंने 14 बार 4 विकेट हॉल भी अपने नाम किए हैं।
आखिरी
आखिरी बार 2023 में भारत के लिए खेले थे उमेश
उमेश ने आखिरी बार जून 2023 में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
उन्होंने 57 टेस्ट मैचों में 30.95 की औसत से 170 विकेट लिए और घरेलू मैदान पर भारतीय टीम के दबदबे को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई।
इसके बाद वह एड़ी की गंभीर चोट के कारण टीम से बाहर हो गए। इस चोट के लिए उन्हें इंग्लैंड में सर्जरी करानी पड़ी और करीब एक साल तक पुनर्वास से गुजरना पड़ा।